1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब: कई शहरों में पाकिस्तानी हमले नाकाम, एयर डिफेंस ने मिसाइल-ड्रोन मार गिराए, लोगों को सतर्क रहने को कहा

पंजाब: कई शहरों में पाकिस्तानी हमले नाकाम, एयर डिफेंस ने मिसाइल-ड्रोन मार गिराए, लोगों को सतर्क रहने को कहा

 Reported By: Manish Prasad,,  Puneet Pareenja, Edited By: Shakti Singh
 Published : May 08, 2025 10:00 pm IST,  Updated : May 09, 2025 12:42 am IST

पाकिस्तान ने पंजाब में कई शहरों पर हमले किए हैं। भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने इन्हें नाकाम कर दिया। एहतियातन कई शहरों में ब्लैक आउट कर दिया गया है।

jalandhar blackout- India TV Hindi
जालंधर में पूरी तरह ब्लैकआउट Image Source : X/ANI

पाकिस्तान ने पंजाब के कई शहरों में हमले किए हैं। इसके बाद एहतियातन ब्लैक आउट कर दिया गया था जिसके बाद अब बिजली बहाल कर दी गई है लेकिन लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। वहीं, एयर डिफेंस सिस्टम ने इन हमलों को नाकाम कर दिया है। पाकिस्तानी हमले के बाद भारत ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। पंजाब के अमृतसर, खासा, जालंधर में ड्रोन हमले किए गए और इन्हें एयर डिफेंस ने मार गिराया। अब तक किसी भी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। सेना का ऑपरेशन जारी है। सीमा से सटे इलाकों में कोर्ट में भी आम लोगों के प्रवेश पर बैन लगा दिया गया है। वहीं, स्टाफ की संख्या भी न्यूनतम रखने का निर्देश दिया गया है। सीमा पर भी दोनों तरफ से गोलीबारी हो रही है। अमृतसर एयरपोर्ट के नजदीक गांव वडाला में पाकिस्तानी ड्रोन गिरने की खबर है। मोगा सहित कई जिलों में 9 और 10 मई को स्कूल कॉलेज बंद रखने का फैसला किया गया है।

पंजाब के इन शहरों में ब्लैक आउट

लुधियाना, नवांशहर, मोगा, मोहाली, पंचकूला, चंडीगढ़, अमृतसर, खासा, जालंधर, पठानकोट, तरन तारण।

जम्मू और राजस्थान में भी हुए हमले

पाकिस्तान ने पंजाब के अलावा जम्मू कश्मीर और राजस्थान में भी कई इलाकों में हमला किया है। भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया है। हालांकि, सभी जगहों पर एहतियातन ब्लैक आउट कर दिया गया है। इसके साथ ही आम लोगों को घर के अंदर रहने के लिए कहा गया है। बिना किसी जरूरी कारण के घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। मोहाली, पंचकूला सहित कई शहरों में ब्लैक आउट किया गया है।

पाकिस्तान ने हमास के अंदाज में किया हमला

पाकिस्तान ने हमास के अंदाज में मिसाइल हमला किया है। पाकिस्तान की तरफ से एक साथ कई मिसाइलें दागी गईं, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस इसके लिए तैयार था। भारत ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया है। अमृतसर में जिस तरीके से पाकिस्तान ने मिसाइल अटैक करने की कोशिश की थी, उसके चलते अमृतसर एयरपोर्ट पूरी तरह से ब्लैकआउट कर दिया गया है। अमृतसर में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक ब्लैकआउट रहेगा।

पहलगाम हमले से शुरू हुआ तनाव

पाकिस्तानी आतंकियों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए। इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से हमले किए गए और भारत ने इन हमलों को नाकाम करते हुए जवाबी कार्रवाई की। गुरुवार रात पाकिस्तान की तरफ से बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया। भारत ने इन हमलों को नाकाम करते हुए जवाबी कार्रवाई की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।