1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब पुलिस ने पकड़ी 66 किलो अफीम, तस्करों के 42 बैंक खातों में जमा करोड़ों रुपये फ्रीज

पंजाब पुलिस ने पकड़ी 66 किलो अफीम, तस्करों के 42 बैंक खातों में जमा करोड़ों रुपये फ्रीज

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 28, 2024 03:00 pm IST,  Updated : Jun 28, 2024 03:00 pm IST

पंजाब पुलिस ने 66 किलोग्राम अफीम जब्त की है। दो तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने वित्तीय लेन-देन का बारीकी से पता लगाकर 42 बैंक खातों में जमा 1.86 करोड़ रुपये के लेन-देन पर रोक लगा दी है।

Opium- India TV Hindi
अफीम Image Source : X/@DGPPUNJABPOLICE

पंजाब पुलिस ने झारखंड से संचालित होने वाले बड़े अंतरराज्यीय अफीम तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और 66 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है। शुक्रवार को पंजाब पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया ‘मंच’ एक्स पर कहा, ‘‘फजिल्का पुलिस ने झारखंड से संचालित होने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय अफीम तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 66 किलोग्राम अफीम जब्त की है। दो तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने वित्तीय लेन-देन का बारीकी से पता लगाकर 42 बैंक खातों में जमा 1.86 करोड़ रुपये के लेन-देन पर रोक लगा दी है।’’ डीजीपी ने कहा कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।

अमृतसर में पंजाब पुलिस ने 9.2 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन लोगों को पकड़ा है। इसकी जानकारी देते हुए डीजीपी पंजाब पुलिस ने सोशल मीडियो प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा "खुफिया सूचनाओं पर तेजी से कार्रवाई करते हुए, सीपी अमृतसर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 9.2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में, पीएस छेहरटा ने शिव एन्क्लेव, राजासांसी, अमृतसर ग्रामीण के क्षेत्र से दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। दूसरे मामले में, पीएस रंजीत एवेन्यू ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया और 1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। दोनों मामलों में, एनडीपीएस अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई हैं और आगे और पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए जांच जारी है।"

नशे के खिलाफ मुहिम चला रहा पंजाब प्रशासन

पंजाब में नशा लंबे समय से बड़ी समस्या रहा है। इसे काबू में करने के लिए पंजाब प्रशासन मुहिम चला रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ऐलान कर चुके हैं कि तस्करों के साथ सांठ-गांठ करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त पाए गए पुलिस अधिकारी को बर्खास्त कर दिया जाएगा और तस्करों की संपत्ति कुर्क की जाएगी। सीएम ने राज्य में निचले स्तर के पुलिस अधिकारियों एवं तस्करों के बीच साठगांठ को तोड़ने के लिए बड़े पैमाने पर निचले स्तर के पुलिस अधिकारियों के तबादले की भी घोषणा। इसके साथ ही कहा कि पुलिस विभाग को मजबूत करने के लिए 10,000 और पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।