1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1000 रुपये, सीएम मान ने बताया कब शुरू होगी योजना

पंजाब में महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1000 रुपये, सीएम मान ने बताया कब शुरू होगी योजना

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 03, 2025 11:46 pm IST,  Updated : Nov 03, 2025 11:46 pm IST

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार एक-एक कर हर वादा पूरा कर रही है और अगले बजट में महिलाओं के लिए पेंशन योजना शुरू की जाएगी। उन्होंने साफ कि पंजाब में हर महिला को 1000 रुपये मासिक तौर पर मिलेंगे।

Bhagwant mann- India TV Hindi
भगवंत मान Image Source : X/@BHAGWANTMANN

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार अगले बजट में हर महिला को 1,000 रुपये प्रति माह देने के अपनी पार्टी के चुनावी वादे को पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा कर रही है। सीएम भगवंत मान तरनतारन विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार करने आए थे। इस सीट आम आदमी पार्टी ने हरमीत सिंह संधू को उम्मीदवार बनाया है।

भगवंत मान ने कहा, ‘‘हमारी माताओं और बहनों से किया गया 1,000 रुपये का वादा भी आगामी बजट में पारित होने के बाद पूरा किया जाएगा।’’ मान ने उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की भारी जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि यह तय है कि राज्य सरकार की ‘जनहितैषी’ नीतियों के कारण आम आदमी पार्टी तरनतारन उपचुनाव में भारी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी तरनतारन के लोगों को बिकाऊ समझकर पैसे से खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन हलके के समझदार लोग आम आदमी पार्टी के ईमानदार उम्मीदवार को चुनकर विधानसभा भेजेंगे और विपक्षियों के भ्रम दूर कर देंगे।

लूटने वाले दल सत्ता से बाहर हुए

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पंजाब का समग्र विकास और लोगों की समृद्धि सुनिश्चित की है। मान ने दावा किया कि किसी ठोस मुद्दे के अभाव में विपक्ष केवल नाम के लिए ही राज्य सरकार की आलोचना कर रहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पारंपरिक दलों ने पंजाब और उसके लोगों को ‘बेरहमी से लूटा’, जिसके कारण उन्हें राज्य की सत्ता से बेदखल होना पड़ा। प्रचार के दौरान उन्होंने कहा, "हलका तरनतारन के गांवों का जोश और जुनून आम आदमी पार्टी की जीत की गवाही खुद ब खुद दे रहा है। हमारी यह जीत आपके बच्चों के बेहतर भविष्य के हक में काम आएगी।"  

तरनतारन में 11 नवंबर को होगा मतदान

तरनतारन उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। यह सीट जून में आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी। भगवंत मान ने गांव भूसे, कलस, बुरज 169, नौशहरा, चीमा कलां, बीर राजा तेजा सिंह, छीना बिधीचंद, भुच्चर कलां और अड्डा गगोबुआ में पार्टी वॉलंटियरों के साथ रोड शो निकाला। उन्होंने उम्मीद जताई कि 11 नवंबर को तरनतारन के लोग आम आदमी पार्टी को रिकॉर्ड तोड़ वोट डालकर जिताएंगे और फिर से आप का विधायक बनाएंगे। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

यह भी पढ़ें-

पंजाब में BKI से जुड़े गैंगस्टरों की साजिश नाकाम, विरोधी गिरोहों के सदस्यों की हत्या के लिए भेजे गए 2 गुर्गे गिरफ्तार

'क्या यह आपका रंगला पंजाब है', कबड्डी खिलाड़ी की हत्या के बाद सीएम मान पर विपक्ष हमलावर

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।