चंडीगढ़: पंजाब के लुधियाना में कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह की हत्या के बाद विपक्ष आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमलावर है। विपक्ष ने राज्य में कथित तौर पर बढ़ रहे अपराध को लेकर सरकार पर तीखा हमला किया और मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछा कि क्या यह उनका "रंगला पंजाब" है। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने आरोप लगाया कि इस हफ्ते राज्य भर में हिंसक अपराध बढ़े हैं।
Related Stories
विपक्ष बोला- गैंगस्टर खुलेआम रोड पर घूम रहे हैं
कांग्रेस नेता बाजवा ने आरोप लगाया कि पंजाब के लोग आज डर में जी रहे हैं। सड़कों पर अपराधियों का राज है जबकि मुख्यमंत्री जिनके पास गृह विभाग भी है। वे सो रहे हैं। कबड्डी खिलाड़ी की हत्या के अलावा, बाजवा ने अपराध की कुछ और हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि राज्य की स्थिति खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि मानसा में पेस्टीसाइड शॉप के मालिक पर बेरहमी से हमला किया गया, जबकि तीन हथियारबंद, नकाबपोश लोगों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूटपाट की। बाजवा ने आरोप लगाया कि "यह सीएम मान का तथाकथित 'रंगला पंजाब' (वाइब्रेंट पंजाब) है, जहां गैंगस्टर खुलेआम घूमते हैं और युवा सड़कों पर मर रहे हैं।"
बीजेपी ने भी सीएम मान पर साधा निशाना
वहीं, पंजाब बीजेपी के वर्किंग प्रेसिडेंट अश्विनी शर्मा ने भी मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि न तो व्यापारी सुरक्षित हैं, न ही खिलाड़ी। क्या यह आपका 'रंगला पंजाब' है। वहीं, पंजाब कांग्रेस चीफ अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी AAP सरकार पर निशाना साधा।
कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या
बता दें कि पंजाब के लुधियाना में जगराओं शहर में शुक्रवार को दिनदहाड़े 25 वर्षीय एक कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तेजपाल सिंह के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर लुधियाना (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के कार्यालय के पास हुई। पुलिस ने बताया कि तेजपाल सिंह निजी कारणों से शहर आया था और पांच-छह हमलावरों ने उसे बेरहमी से पीटा और फिर सरेआम गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
इनपुट- पीटीआई