1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. कोटा में 79000 किलो के घंटे को खोलते वक्त बड़ा हादसा, 1 मजदूर की मौत, इंजीनियर बुरी तरह घायल

कोटा में 79000 किलो के घंटे को खोलते वक्त बड़ा हादसा, 1 मजदूर की मौत, इंजीनियर बुरी तरह घायल

 Published : Nov 19, 2023 07:30 pm IST,  Updated : Nov 19, 2023 07:30 pm IST

राजस्थान के कोटा में दुनिया के सबसे बड़े घंटे को खोलते वक्त आज एक मजदूर की मौत हो गई और घंटे को बनाने वाले इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस 79000 किलो के घंटे को मोल्ड से बाहर निकालते वक्त इंजीनियर देवेन्द्र आर्य 35 फीट नीचे गिर गए।

kota accident- India TV Hindi
कोटा रिवर फ्रंट पर घंटे के साथ फोटो लेते हुए इंजीनियर देवेन्द्र आर्य Image Source : INDIA TV

कोटा: राजस्थान के कोटा के बहुचर्चित विवादास्पद घंटे को खोलते वक्त बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक मजदूर की हुई मौत हो गई और 35 फीट नीचे गिरने से इंजीनियर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल, कोटा के रिवर फ्रंट पर ये हादसा उस वक्त हो गया जब बहुचर्चित और विवादास्पद घंटे को खोला जा रहा था। इस दौरान घंटे को बनाने वाले इंजीनियर 35 फीट नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

घंटे को मोल्ड से बाहर निकालने गए थे इंजीनियर

इस हादसे पर कोटा नगर विकास न्यास के XEN कमल मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि चंबल रिवर फ्रंट पर दुनिया का सबसे बड़ा घंटा बनाया गया था। इसका वजन 79000 किलो है। इस घंटे को विशेष तकनीक से लंबी मेहनत के बाद तैयार किया गया है। इस घंटे को पिछले कुछ समय से मोल्ड बॉक्स के अंदर पैक रखा गया था, जिसे आज खोला जाना था। घंटे को खोलने के लिए ही आज इंजीनियर देवेन्द्र आर्य अपनी टीम के साथ कोटा रिवर फ्रंट पर पहुंचे थे। जैसे ही आर्य घंटे को मोल्ड बॉक्स से बाहर निकालने के लिए उपर चढ़े, तभी वे 35 फ़ीट से अचानक नीचे गिर पड़े। 

रिवर फ्रंट पर दुनिया का सबसे बड़ा घंटा

कमल मीणा ने बताया कि इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। गौरतलब है कि कोटा के रिवर फ्रंट पर वर्ल्ड का सबसे बड़ा घंटा बनाने का दावा किया गया था। इसके तहत 79000 किलो वजनी घंटे का निर्माण लंबी मेहनत के बाद किया गया था। बता दें कि चंबल रिवर फ्रंट कोटा को नया लुक देने के लिए हाल ही में बनाया गया है। कोचिंग सिटी कोटा में इसे पर्यटन की दृष्टि से बनाया गया है। सैंकड़ों करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए चंबल रिवर फ्रंट का पिछले दिनों ही सीएम अशोक गहलोत ने लोकार्पण किया था। 

(रिपोर्ट- केके शर्मा)

ये भी पढ़ें-

तेलंगाना चुनाव: जेपी नड्डा बोले, "30 प्रतिशत कमीशन वाली BRS सरकार को 30 नवंबर के बाद विदा कर दें"

चुनावी ड्यूटी पर नक्सली हमले में हुए थे शहीद, ITBP जवान का सांबा में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।