1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. शराबी ने चाचा को पीटा, दादा ने डांटा तो कुल्हाड़ी मारकर कर दी हत्या, अब पुलिस की गिरफ्त में

शराबी ने चाचा को पीटा, दादा ने डांटा तो कुल्हाड़ी मारकर कर दी हत्या, अब पुलिस की गिरफ्त में

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 08, 2025 12:32 pm IST,  Updated : Nov 08, 2025 12:32 pm IST

शराबी पोता नशे में सबके साथ झगड़ा कर रहा था। उसने चाचा के साथ मारपीट की। इसकी शिकायत मिलने पर दादा ने उसे डांटा तो कुल्हाड़ी मारकर उनकी हत्या कर दी।

murder Accused- India TV Hindi
हत्या का आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के भीलवाड़ा में एक शराबी पोते ने अपने ही दादा की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने निर्मम हत्या के आरोप में पोते को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना करेड़ा थाना क्षेत्र की है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

चिताम्बा पंचायत के नागा का बाड़िया गांव में पोते ने अपने ही दादा की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी थी। इस मामले में भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया, जहां दादा की हत्या के आरोप में पोते को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का बयान

भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने कहा कि करेड़ा थाना क्षेत्र की चिताबा ग्राम पंचायत के नागा का बाडिया गांव रहने वाले श्रवण बागरिया ने सोमवार को शराब पीकर पहले अपने चाचा प्रेम बागरिया के साथ मारपीट की, जिससे चाचा प्रेम बागरिया घायल हो गया। इसके बाद आरोपी श्रवण अपने घर चला गया। इसी दौरान चाचा प्रेम बागरिया ने अपने ही भतीजे श्रवण बागरिया के परिजनों से मारपीट की शिकायत की तो श्रवण बागरिया के दादा मोहन बागरिया ने उसे डांट लगाई। दादा ने कहा कि इस तरह अपने ही चाचा के साथ मारपीट नहीं करनी चाहिए। ऐसे में आरोपी श्रवण ने अपने दादा 65 वर्षीय मोहनलाल बागरिया पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

21 वर्षीय श्रवण गिरफ्तार

आरोपी श्रवण के खिलाफ चाचा प्रेम बागरिया ने करेड़ा थाने में रिपोर्ट दी, जिस पर करेड़ा थाना पुलिस ने श्रवण के खिलाफ धारा 115(2),333,3(5),103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल ने कहा कि आरोपी की तलाश के लिए हमने विभिन्न टीमों का गठन किया गया, जिसने जगह-जगह दबिश दी। मोबाइल लोकेशन और अन्य आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। करेड़ा थाना क्षेत्र के नागा का बाडिया निवासी 21 वर्षीय श्रवण पिता छितर बागरिया को उसके ही दादा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है, हत्या के मामले में उससे पूछताछ की जा रही है।

(भीलवाड़ा से सोमदत्त की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

करंट लगने का रूह कंपा देने वाला वीडियो, मंदिर में टेंट लगाते समय हुआ हादसा, सीपीआर और डीसी शॉक ने बचाई जान

पाली में ढोल-नगाड़ों की थाप पर चोरों का निकाला जुलूस, भीगी बिल्ली बनकर रास्तेभर मांगते रहे माफी; देखें VIDEO

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।