चूरूः राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ में अंधविश्वास और तंत्र–मंत्र के नाम पर हुए हैरान कर देने वाले घटनाक्रम ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। ससुराल वालों पर ही दामाद की हत्या का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तांत्रिक क्रिया की आड़ में दी खौफनाक मौत
वार्ड नंबर 21 निवासी इमरान ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त को उसकी नानी, मामा, मामी और अन्य रिश्तेदार घर पर कब्ज़ा करने की नीयत से आए। उन्होंने बहाना बनाया कि घर में बुरी आत्मा का साया है। इमरान को बकरा लाने के लिए बाहर भेज दिया गया और उसके पीछे तांत्रिक क्रियाएं शुरू कर दी गईं।
आंखों में डाली मिर्च, पिलाया मिर्च का पानी
शिकायत के अनुसार, इमरान की भाभी बेबी फलक ने तंत्र–मंत्र की रस्में शुरू कीं। जब इमरान लौटा तो उसे आग के पास बैठाकर आंखों में मिर्च डाली गई। विरोध करने पर कहा गया कि बुरी आत्मा उसके पिता महबूब पर सवार है। जैसे ही महबूब को बुलाया गया, उन्हें एक रहस्यमयी शीशी से पानी पिलाया गया जिससे वे बेसुध हो गए। इसके बाद उनके साथ हैवानियत की हदें पार कर दी गई। जबरदस्ती मिर्च का पानी पिलाना, कान में तेल की रुई भरना और आंखों में मिर्च डालना।
टब में मुंह डुबोकर मौत के घाट उतारा
महबूब लगातार विरोध करते रहे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें पानी के टब में मुंह डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। शोर सुनकर पड़ोसी मदद को पहुंचे और घायल महबूब को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग तरह-तरह की बातें कर रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
रिपोर्ट- अमित शर्मा, चूरू