कोटा: जिले में फास्ट डिलीवरी के आधार पर घर-घर पहुंचाने वाली सामान ब्लिंकिट कंपनी के एक डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक डिलीवरी बॉय को लैंडमार्क सिटी क्षेत्र में नाबालिग छात्रों तक सिगरेट की आपूर्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को इस गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी।
आरोपी डिलीवरी बॉय गिरफ्तार
कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक अमृता दुहान ने बताया कि डिलीवरी बॉय सत्यप्रकाश कोली (48) को शनिवार शाम को गिरफ्तार किया गया। वह कोचिंग के छात्रों को सिगरेट की आपूर्ति कर रहा था, उसी समय पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी सामानों की फास्ट डिलीवरी करने वाली कंपनी द्वारा कम उम्र के कोचिंग छात्रों को सिगरेट की बिक्री और आपूर्ति के खिलाफ कार्रवाई के दौरान की गई। एसपी ने बताया कि ‘ब्लिंकिट’ के लिए काम करने वाले आरोपी पर किशोर न्याय अधिनियम की धारा 77 और राजस्थान धूम्रपान निषेध एवं धूम्रपान रहित व्यक्तियों के स्वास्थ्य संरक्षण अधिनियम की धारा 9/11 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले ही दी गई थी नोटिस
उन्होंने बताया कि नगर पुलिस ने पहले ही लैंडमार्क सिटी स्थित ब्लिंकिट कंपनी के कार्यालय के प्रतिनिधियों को पत्र लिखकर नाबालिग छात्रों को सिगरेट न बेचने और न ही आपूर्ति करने को कहा था। निर्देश देने के बावजूद कंपनी छात्रों को सिगरेट बेचती पाई गई। सिटी एसपी अमृता दुहान ने बताया कि नाबालिगों को प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री और आपूर्ति में शामिल कंपनी के अन्य कर्मियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पूरे नेटवर्क की होगी जांच
वहीं कुन्हाड़ी के सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद भारद्वाज ने बताया कि पुलिस कंपनी के खिलाफ भी आरोप-पत्र दाखिल करेगी। उन्होंने कहा कि नाबालिगों को धूम्रपान सामग्री और तंबाकू की बिक्री करना एक गंभीर अपराध है और पुलिस जांच के दौरान अन्य शहरों में कंपनी के प्रतिबंधित वस्तुओं के वितरण नेटवर्क की भी जांच की जाएगी। भारद्वाज ने बताया कि कंपनी के गोदाम से स्टॉक और आपूर्ति रजिस्टर बरामद कर जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
यूपी में BJP विधायक की बनाई अश्लील वीडियो, कॉल करके मांगी गई रंगदारी; केस दर्ज
Mahakumbh 2025: कितने श्रद्धालुओं ने अब तक त्रिवेणी संगम पर किया स्नान, यहां जानें