1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. शादी से कुछ घंटे पहले दूल्हे की मौत, बारात की जगह उठी अर्थी; तीन घरों में पसरा मातम

शादी से कुछ घंटे पहले दूल्हे की मौत, बारात की जगह उठी अर्थी; तीन घरों में पसरा मातम

 Reported By: Manish Bhattacharya Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 23, 2026 11:36 am IST,  Updated : Jun 23, 2026 11:47 am IST

राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में 21 साल के दूल्हे और उसके चचेरे भाई की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार को शादी के लिए बारात निकलने से कुछ घंटे पहले हुआ।

मृतक युवकों की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतक युवकों की फाइल फोटो Image Source : REPORTER

बाड़मेर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं, वहां बारात निकलने से एक दिन पहले ही दूल्हे की अर्थी उठ गई। हादसे में दूल्हे और उसके चचेरे भाई की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सेड़वा गौड़ा निवासी नरपतराम (21 वर्ष) पुत्र गोकलाराम की मंगलवार को शादी होने वाली थी। सोमवार को वह अपने चचेरे भाई सुखदेव (27 वर्ष) पुत्र वागाराम के साथ बाड़मेर शहर से शादी का सामान खरीदकर बाइक से गांव लौट रहा था। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में सामान लेकर पीछे आ रहे थे।

पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर

बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे सदर थाना क्षेत्र के लूखू भाखरी गांव के पास नेशनल हाईवे-68 पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद ड्राइवर फरार

परिजन और स्थानीय लोग तुरंत दोनों को धोरीमन्ना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सुखदेव को मृत घोषित कर दिया। वहीं नरपतराम को प्राथमिक उपचार के बाद सांचौर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप तथा क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी।

तीन घरों में पसरा मातम

बताया जा रहा है कि नरपतराम जयपुर में टाइल्स फैक्ट्री में कार्यरत था और उसने करीब दो महीने पहले ही नई बाइक खरीदी थी। उसके पिता किसान हैं और परिवार में एक छोटा भाई भी है। वहीं सुखदेव किशनगढ़ में अपने पिता के साथ टाइल्स का काम करता था। एक पल में बदली किस्मत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस आंगन में शादी के गीत गूंज रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है। दो युवकों के घरों के अलावा दुल्हन के घर में भी मातम पसरा हुआ है और लड़की का रो-रोककर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

ये भी पढ़ेंः VIDEO: जामा म​स्जिद के मेन गेट पर दो गुटों में झड़प, लाठी-डंडे और सरिया लेकर टूट पड़े; 8 घायल

जैश-ए-मोहम्मद की संदिग्ध महिला स्लीपर सेल गिरफ्तार, बबीता से बनी थी खदीजा; मसूद अजहर के साले के संपर्क में थी

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।