1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. हनुमान बेनीवाल बोले- यूपी की तर्ज पर राजस्थान में सुधारें खराब कानून-व्यवस्था, जरुरत पड़े तो हो फेक एनकाउंटर

हनुमान बेनीवाल बोले- यूपी की तर्ज पर राजस्थान में सुधारें खराब कानून-व्यवस्था, जरुरत पड़े तो हो फेक एनकाउंटर

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Oct 10, 2025 09:51 am IST,  Updated : Oct 10, 2025 02:49 pm IST

हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान में खराब कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जरुरत पड़े तो बदमाशों का फेक एनकाउंटर किया जाए।

आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल- India TV Hindi
आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल। फाइल Image Source : PTI

जोधपुरः राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में एक बार फिर विवादित टिप्पणी की। बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था गंभीर स्थिति में है और अपराधियों पर कठोर प्रतिक्रिया की आवश्यकता है। उन्होंने अवैध निर्माण के साथ-साथ कुछ "बदमाशों" के वैध निर्माण भी तोड़ने और जरूरत पड़ी तो फेक एनकाउंटर करने जैसे सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर राजस्थान में भी कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने की जरूरत है।

अपराधियों के नेटवर्क्स को तोड़ें

बेनीवाल ने पत्रकारों से कहा कि कई लोग विदेश से बैठे हुए हार्डकोर अपराधियों द्वारा धमकाए जा रहे हैं। रंगदारी व वसूली हो रही है और इन नेटवर्क्स को तोड़ना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और दिल्ली प्रशासन को इंटरपोल से समन्वय कर इन अपराधियों को वापस लाकर उनके नेटवर्क की कमर तोड़नी चाहिए ताकि आम लोगों में भय खत्म हो।

बेनीवाल ने एनकाउंटर करने पर भी दिया जोर

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर है। इस तरह के अपराधियों के खिलाफ हम आने वाले दिनों में बड़ी लड़ाई लड़ेंगे… अवैध निर्माण के साथ-साथ बदमाशों के वैध निर्माण भी तोड़ देने चाहिए… कुछ एनकाउंटर करो स्टेट में और आवश्यकता पड़े तो फेक एनकाउंटर भी करो ताकि अपराधियों में खौफ रहे।

कई लोगों को मिली हैं धमकियां

बेनीवाल ने उदाहरण देते हुए कहा कि कई लोगों को धमकियां मिली हैं और उनका नेटवर्क बहुत बड़ा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राजस्थान में जातीय संघर्ष बढ़ रहे हैं और हालात चिंताजनक हैं विशेषकर तब, जब मुख्यमंत्री को भी कई बार धमकियाँ मिली हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के हालात सुधरने के लिए 'एक और लड़ाई' लड़ने की आवश्यकता है।

रिपोर्ट- चंद्रशेखर व्यास, जोधपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।