1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राहुल गांधी से मिलने पहुंचे NEET छात्र के परिवार संग दिखा हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया, रोहित गोदारा गैंग कनेक्शन से मचा बवाल

राहुल गांधी से मिलने पहुंचे NEET छात्र के परिवार संग दिखा हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया, रोहित गोदारा गैंग कनेक्शन से मचा बवाल

 Reported By: Manish Bhattacharya, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 28, 2026 04:49 pm IST,  Updated : May 28, 2026 05:07 pm IST

राहुल गांधी के साथ दिखे हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया पर साल 2004 से 2024 तक हत्या, मारपीट, सरकारी कामों में बाधा सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। इसका नाम रोहित गोदारा गैंग से भी जुड़ चुका है।

राहुल गांधी के साथ दिखा हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया- India TV Hindi
राहुल गांधी के साथ दिखा हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया Image Source : INDIA TV

कर में नीट परीक्षा रद्द होने के बाद सुसाइड करने वाले छात्र प्रदीप कुमार के परिवार की दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात अब नए विवाद में घिर गई है। करीब आधे घंटे चली इस मुलाकात के दौरान परिवार के साथ सीकर कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया भी मौजूद था। राजेश जोया पर हत्या, मारपीट, राजकार्य में बाधा सहित कुल 14 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, उसका नाम गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से भी जुड़ चुका है। हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी सामने आने के बाद पूरे मामले में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

15 मई को प्रदीप कुमार ने किया था सुसाइड

जानकारी के अनुसार, झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी निवासी प्रदीप कुमार ने 15 मई को सीकर में कथित रूप से सुसाइड कर लिया था। परिवार का दावा था कि प्रदीप का यह तीसरा नीट अटेम्प्ट था। इस बार उसके 650 से अधिक अंक आने की उम्मीद थी। लेकिन परीक्षा रद्द होने से वह मानसिक रूप से आहत हो गया था। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ था। घटना के बाद परिवार ने सीकर के एसके अस्पताल में करीब 26 घंटे तक धरना भी दिया था।

पीड़ित परिजनों से राहुल गांधी ने फोन पर की थी बात

इसी मामले को लेकर हाल ही में NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने परिवार की फोन पर राहुल गांधी से भी बात करवाई थी। इसके बाद मंगलवार देर रात प्रदीप के पिता राजेश माहिच को दिल्ली बुलाने के लिए कॉल किया गया। बुधवार को प्रदीप के पिता राजेश माहिच, बहन बबीता, चचेरा भाई विजेंद्र माहिच, श्रवण कांटीवाल और हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया दिल्ली पहुंचे।

राहुल गांधी ने दिया भरोसा, जरूर दिलवाएंगे न्याय

मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने प्रदीप की बहन बबीता के सिर पर हाथ रखते हुए कहा, 'ये मेरी भी बहन है।' उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि 'हमारी सरकार नहीं है, फिर भी न्याय जरूर दिलवाएंगे।' हालांकि, इस मुलाकात में हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया की मौजूदगी सबसे बड़ा चर्चा का विषय बन गई। 

राजेश जोया पर कई धाराओं में दर्ज हैं केस

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक राजेश जोया पर साल 2004 से 2024 तक हत्या, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसका नाम गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़ने को लेकर भी पहले सामने आ चुका है।

जानिए इस मामले पर क्या बोले NSUI अध्यक्ष

इस पूरे मामले पर जब NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि परिवार ने अपने साथ आए लोगों को रिश्तेदार बताया था। जाखड़ ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। जिनके साथ अन्याय हुआ है, उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए वे प्रयास कर रहे हैं। हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी सामने आने के बाद अब यह मुलाकात राजनीतिक बहस का मुद्दा बनती नजर आ रही है।

ये भी पढ़ें: 

'हाईकमान ने कहा कि राज्यसभा जाओ, मैंने विनम्रता से टाल दिया', सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद बोले सिद्धारमैया

 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।