जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी की ACB ने रिश्वत लेने के आरोप में एक महिला सब-इंस्पेक्टर को पकड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधीनगर पुलिस थाने में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर राजकुमारी जुनेजा को 1 लाख 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुनेजा ने पीड़ित से 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। गिरफ्तारी के समय जुनेजा वहां मौजूद अधिकारियों से नजरें भी नहीं मिला पाईं।
Related Stories
'रिश्वत की रकम लेते ही दबोची गई महिला SI'
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि गांधीनगर थाने में दर्ज एक मुकदमे (केस नंबर 380/2024, धारा 420, 406, 467, 468, 471 IPC) में परिवादी के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई न करने और मामले में फाइनल रिपोर्ट (FR) लगाने के बदले SI राजकुमारी जुनेजा 2 लाख रुपये की रिश्वत मांग रही थीं। बाद में सौदा 1.25 लाख रुपये में तय हुआ था। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप प्लान तैयार किया और जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की रकम दी, टीम ने महिला एसआई को दबोच लिया। यह पूरी कार्रवाई एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और उपमहानिरीक्षक (द्वितीय) जयपुर आनंद शर्मा की निगरानी में हुई।
ACB ने रिश्वत की पूरी रकम बरामद की
पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार स्वामी के नेतृत्व में निरीक्षक नाथू लाल बंशीवाल और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा और रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर नगर तृतीय इकाई ने यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पकड़े जाने के बाद राजकुमारी जुनेजा से एसीबी मुख्यालय में पूछताछ की जा रही है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी मुहिम लगातार जारी है और ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।