जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में पुलिस जांच ने हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। जिस घटना को शुरुआत में एक सामान्य हिट एंड रन हादसा माना जा रहा था, वह पुलिस के अनुसार सुनियोजित हत्या निकली।
जांच में सामने आया कि मृतका की बेटी भूमिका ने कथित तौर पर अपने ताऊ और ताऊ के बेटे के साथ मिलकर अपनी ही मां की हत्या की साजिश रची। पुलिस का दावा है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए करीब 7 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी मां की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करना और पारिवारिक संपत्ति पर कब्जा जमाना चाहते थे।
पहले सड़क हादसा, फिर खुला हत्या का राज
पूरे मामले की शुरुआत उस समय हुई जब प्रताप नगर इलाके में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इसे सामान्य सड़क दुर्घटना बताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शुरुआती जांच भी हिट एंड रन के एंगल से शुरू हुई लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को खंगाला, मामला एक सुनियोजित हत्या की साजिश में बदलता चला गया। पुलिस की गहन पूछताछ और तकनीकी कड़ियों को जोड़ने के बाद जो सच सामने आया, उसने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। इस पूरी खूनी साजिश की मुख्य मास्टरमाइंड मृतका की अपनी सगी बेटी भूमिका ही निकली।
बता दें कि जयपुर के प्रताप नगर थाना इलाके में तीन जुलाई को शाम 4.30 से पांच बजे के बीच एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो में महिला को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतना तेज थी कि महिला 100 फीट दूर जाकर गिरी। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी।
सड़क हादसे में महिला समेत दो की मौत
वहीं, नीम का थाना कस्बे के पास सोमवार सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक एवं एक महिला की मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार नीम का थाना कस्बे में कुल्हाड़ा गांव के पास एक वाहन (बोलेरो) एवं मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर हो गई, फलस्वरूप महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक महिला की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया।
ये भी पढ़ेंः जयपुर में ट्रेलर ने परिवार के पांच सदस्यों को रौंदा, मौत का आंकड़ा बढ़कर हुआ 4
बेलगाम डंपर ने ड्यूटी पर जा रहे बिजली कर्मी को रौंदा, CCTV में कैद हुई लाइव घटना