1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. "मोदीजी प्लीज मेरे पापा को ढूंढने में हेल्प कीजिए", दुबई में 2 साल से लापता श्रमिक की बेटी ने की रोते हुए अपील

"मोदीजी प्लीज मेरे पापा को ढूंढने में हेल्प कीजिए", दुबई में 2 साल से लापता श्रमिक की बेटी ने की रोते हुए अपील

 Edited By: Shailendra Tiwari
 Published : May 27, 2025 08:10 pm IST,  Updated : May 27, 2025 08:16 pm IST

गायब श्रमिक की बेटी खुशी और परिजन लगातार अपने पिता की वापसी की राह देख रही है। अब श्रमिक की बेटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पिता को ढूंढने की गुहार लगाई हैं।

Jhunjhunu- India TV Hindi
लापता श्रमिक राकेश और उसकी बेटी खुशी Image Source : INDIA TV

भारत से रोजगार की तलाश में हजारों श्रमिक खाड़ी देशों में जाते हैं, वहां मेहनत मजदूरी कर वे अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं, लेकिन कई बार कुछ लोग धोखेबाज एजेंटों के चंगुल में फंस जाते हैं और अपने घर वापस बड़ी मुश्किल से लौट पाते हैं। ऐसा एक वाकया सामने आ रहा है जिसमें राजस्थान के झुंझुनूं जिले का एक शख्स 2 साल पहले काम की तालश में दुबई गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद ही वे दुबई में कहीं गायब हो गए, पहले परिजनों ने अपने स्तर पर खूब तलाश की लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा, अब श्रमिक की बेटी ने पीएम मोदी से भावुक भरी अपील की है।

रोजगार की तलाश में दुबई गए थे राकेश

दरअसल, झुंझुनूं के उदयपुरवाटी तहसील के मणकसास गांव के रहने वाले राकेश कुमार जांगिड़ दो साल पहले रोजगार की तलाश में दुबई गए थे, लेकिन 6 जुलाई 2023 के बाद से उनकी कोई भी जानकारी परिवार को नहीं मिली। परिजनों ने ट्रैवल एजेंट पर आरोप लगाया और कहा राकेश को सीकर जिले के कटराथल निवासी ट्रैवल एजेंट हरिराम जांगिड़ और बनवारी लाल जांगिड़ ने धोखाधड़ी से दुबई भेजा।

ट्रैवल एजेंट ने की धोखाधड़ी

परिजनों के अनुसार, ट्रैवल एजेंट हरिराम जांगिड़ और बनवारी लाल जांगिड़ ने ‘Gulf Gate Tile Work’ नाम की कंपनी में काम दिलाने के बहाने राकेश से ₹1,20,000 रुपये लिए और कहा कि वे उसे दो महीने के भीतर वर्क वीजा दिला देंगे। लेकिन राकेश को सिर्फ टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया। राकेश 21 जून 2023 को जयपुर से दुबई रवाना हुए थे और वहां 6 जुलाई तक हरिराम जांगिड़ के साथ ही रहे। 6 जुलाई को उनकी पत्नी मनोज से आखिरी बार बात हुई, जिसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो सका है।

जेल में होने की बात कहकर गायब

राकेश की पत्नी मनोज ने दावा किया कि हरिराम ने उन्हें एक व्हाट्सएप मैसेज भेजकर बताया कि राकेश जेल में हैं। इस पर राकेश के भाई मक्खन लाल जांगिड़ दुबई गए और वहां की कई जेलों में तलाश की, लेकिन कहीं भी राकेश का नाम या रिकॉर्ड नहीं मिला। उन्होंने दुबई पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई, मगर कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।

कानूनी कार्रवाई और प्रशासन से उम्मीद

पीड़ित परिवार ने उदयपुरवाटी थाने में हरिराम और बनवारी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवाई है। पत्नी मनोज को शक है कि राकेश के साथ कोई अनहोनी हुई है, जिसमें इन एजेंटों की भूमिका हो सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी से अपील

काफी कोशिशों से मिली निराशा के बाद अब राकेश की बेटी खुशी और पत्नी मनोज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, भारतीय दूतावास अबू धाबी और दुबई पुलिस से अपील की है कि उनके प्रियजन की खोज कर भारत वापसी सुनिश्चित कराई जाए। परिवार मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से बुरी स्थिति में है और हर दिन राकेश की एक झलक पाने की उम्मीद में लगाए बैठा है। बेटी खुशी ने एक वीडियो में अपील की मोदी जी आपसे विनती है कि प्लीज मेरे पापा को ढूंढने में हेल्प कर दीजिए। मेरे घरवाले बहुत परेशान हैं। आगे बेटी ने पिता के जाने की पूरी डिटेल दी और विदेश मंत्रालय से अपने पिता को ढूंढने की अपील की।

(इनपुट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें:

झुंझनूं: दुबई से लौटे युवक की हत्या पर बवाल, भीड़ ने पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा का गिरेबान पकड़ा, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज; VIDEO

राजस्थान: जयपुर के औद्योगिक क्षेत्र में जहरीली गैस हुई लीक, 4 सफाई कर्मचारियों की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।