झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। झुंझुनूं रोडवेज बस डिपो में बुधवार को बस में बैठने को लेकर एक युवक और रोडवेज कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान एक महिला परिचालक द्वारा पाइप से युवक की पिटाई किए जाने का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, कोटपूतली निवासी युवक उदयपुरवाटी से रोडवेज बस में सवार होकर झुंझुनूं पहुंचा था। यहां से उसे चूरू जाने वाली बस में बैठना था। आरोप है कि युवक शराब के नशे में था। इसी कारण बस के परिचालक ने उसे बस में बैठने से मना कर दिया और नीचे उतार दिया।
बस से उतारने पर भड़का युवक
बस से उतारे जाने के बाद युवक परिचालक से उलझ गया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। शोर-शराबा सुनकर अन्य रोडवेज कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान वहां मौजूद महिला परिचालक भी मौके पर पहुंची। युवक द्वारा गाली-गलौच किए जाने पर महिला परिचालक ने पाइप उठाकर युवक की पिटाई कर दी। वायरल वीडियो में युवक और रोडवेज कर्मचारियों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है।
कई कर्मचारी युवक से उलझे
बताया जा रहा है कि चालक संत कुमार सहित अन्य कर्मचारियों ने शुरुआत में युवक को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद कई कर्मचारी भी युवक से उलझ गए। इसके बाद डिपो परिसर में काफी देर तक हाथापाई और हंगामा चलता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 20-25 मिनट तक डिपो परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान बसों में सवार यात्री और अन्य लोग भी मौके पर जमा हो गए।
डिपो की पुलिस चौकी में नहीं मिला पुलिसकर्मी
घटना के दौरान रोडवेज डिपो परिसर में स्थित पुलिस चौकी में पुलिसकर्मी के मौजूद नहीं होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में काफी देर तक विवाद चलता रहा। बाद में सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इसके बाद डिपो में स्थिति शांत हुई।
इससे पहले राजस्थान में एक हिस्ट्रीशीटर का आतंक सामने आया था। ड्राइवर को जेसीबी से लटकाया गया था और फिर बेरहमी से पिटाई की गई थी। (रिपोर्ट- अमित शर्मा)
ये भी पढ़ें-