1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. कोटा नगर निकाय चुनाव, BJP के गढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी की बड़ी जीत, निर्विरोध जीते पवन बाबेल

कोटा नगर निकाय चुनाव, BJP के गढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी की बड़ी जीत, निर्विरोध जीते पवन बाबेल

 Written By: Kajal Kumari
 Published : Sep 03, 2026 10:19 pm IST,  Updated : Sep 03, 2026 10:26 pm IST

कोटा नगर निकाय चुनाव से पहले वार्ड नंबर 27 में बड़ा उलटफेर हुआ है। बीजेपी प्रत्याशी रवि मेवाड़ा ने अपना नाम वापस ले लिया, इस वजह से कांग्रेस प्रत्याशी पवन बाबेल इस वार्ड से निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं।

कोटा के राजगंजमंडी से कांग्रेस की जीत- India TV Hindi
कोटा के राजगंजमंडी से कांग्रेस की जीत Image Source : INDIAATV (FILE)

कोटा की रामगंजमंडी नगरपालिका चुनाव में बड़ा उलटफेर सामने आया है। वार्ड नंबर 27 में कांग्रेस प्रत्याशी पवन बाबेल निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। भाजपा प्रत्याशी रवि मेवाड़ा के नाम वापसी के बाद कांग्रेस प्रत्याशी पवन बाबेल ने जीत दर्ज कर ली है। बीजेपी ने कई दावेदारों के बीच रवि मेवाड़ा पर बहुत ज्यादा भरोसा जताया था और पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के तौर पर उन्हें टिकट दिया था। चुनाव से पहले मेवाड़ा का अपना नाम वापस लेने का फैसला भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।


कांग्रेस की जीत ने भाजपा की बढ़ाई चिंता
स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी के मजबूत प्रदर्शन की उम्मीदों के बीच पार्टी के प्रत्याशी का नाम वापस लेना और कांग्रेस उम्मीदवार का निर्विरोध जीतना चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वार्ड में कांग्रेस की जीत राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के लिए भी सियासी तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिलावर के गढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी की निर्विरोध जीत ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है।

बता दें कि वार्ड नंबर 27 में रवि मेवाड़ा के अलावा चार अन्य प्रत्याशियों ने भी अपना नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी पवन बाबेल के सामने कोई मुकाबला करने वाला ही नहीं बचा तो उन्हें निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया। चुनाव से पहले मिली यह जीत कांग्रेस के लिए बड़ी बढ़त के तौर पर देखी जा रही है।

कितने प्रत्याशी हैं चुनावी मैदान में 
रामगंजमंडी नगरपालिका के 40 वार्डों के लिए कुल 220 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। जांच के दौरान 78 नामांकन रद्द कर दिए गए, जिसके बाद 142 प्रत्याशी मैदान में थे। नाम वापसी के पहले दिन दो और अंतिम दिन 22 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। अब इस वार्ड में कुल 118 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव से पहले ही वार्ड 27 में कांग्रेस की निर्विरोध जीत ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है और बीजेपी के भीतर टिकट से लेकर प्रत्याशी के नाम वापसी तक के फैसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कोटा में कब है वोटिंग
जिले में दो चरणों में चुनाव होंगे, जिसमें पहले चरण में 9 सितंबर को और दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोटिंग होगी। निगम चुनाव के लिए 11 सितंबर को वोटिंग होगी। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को आएगा।

ये भी पढ़ें:
बांसवाड़ा नगर निकाय चुनाव में मतदान से पहले ही BJP की जीत, वार्ड 12 में सोनिया वैष्णव निर्विरोध जीतीं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।