चुरू: राजस्थान के चुरू जिले में बदमाशों को पुलिस ने ऐसा सबक सिखाया है कि वह फिर जीवन भर ऐसी गलती नहीं दोहराएंगे। यहां सादुलपुर में बदमाशों ने एक शराब के ठेके पर फिरौती के लिए फायरिंग की। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने बाजार में पैदल घुमाया। दोनों आरोपियों से पुलिस ने कान भी पकड़वाया। दोनों आरोपी कान पकड़कर जनता से माफी मांगते नजर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं पुलिस का कहना है कि इससे भविष्य में ये ऐसी हरकत नहीं करेंगे।
फिरौती न मिलने पर की फायरिंग
दरअसल, चूरू जिले के सादुलपुर में हरियाणा के शेरला गांव निवासी सचिन और निरंजन ने जमकर आतंक मचाया। बीते 14 मई को दोनों ने फिरौती की मांग की। वहीं फिरौती नहीं देने पर उन्होंने शराब के ठेके पर फायरिंग भी की। इस घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे था। हालांकि पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। अब फायरिंग के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। राजगढ़ पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर बाजार में घुमाया है। इस दौरान दोनों आरोपी कान पकड़कर जनता से माफी मांगते नजर आए। वहीं माफी मांगते हुए आरोपियों ने वादा किया कि भविष्य में वे इस प्रकार की कोई हरकत नहीं करेंगे।
बाजार में घुमाकर मंगवाई माफी
इस मामले पर थानाधिकारी राजेश सिहाग ने कहा कि जनता को इन अपराधियों से डरने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस हमेशा उनके साथ है। वहीं एसआई धर्मेंद्र सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे बदमाशों का साथ न दें और न ही उनके जैसे कार्यों का अनुसरण करें। इस कार्रवाई का उद्देश्य आम लोगों में विश्वास बहाल करना और अपराधियों को यह संदेश देना था कि उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस की इस कार्रवाई की जनता ने भी सराहना की है। लोगों का मानना है कि इस प्रकार की सख्त कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और सहयोग बढ़ेगा। (इनपुट- अमित शर्मा)