अजमेर के पुष्कर से एक होटल में जांच के दौरान 1 करोड़ 8 लाख 79 हजार रुपये पुलिस ने बरामद किए। नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता के तहत चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान पुष्कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक होटल से यह संदिग्ध नकदी बरामद की है। यह राशि उपखंड कार्यालय (SDM Office) के सामने स्थित होटल स्पेरो के मालिक बांकेश सेन के कमरे से मिले है। पुलिस ने नकदी जब्त कर होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
बेसमेंट में रहता था मालिक, उसी कमरे से निकले 1.08 करोड़
पुष्कर थाना प्रभारी अशोक बिशु और सीओ ग्रामीण सत्येंद्र नेगी भारी पुलिस जाप्ते के साथ होटल पहुंचे। पुलिस टीम ने होटल का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए अलग-अलग हिस्सों और कमरों की तलाशी ली। इस दौरान होटल मालिक बांकेश सेन के कमरे से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। नोटों की संख्या ज्यादा होने के कारण पुलिस ने बैंककर्मियों को मौके पर बुलाया। बैंककर्मियों ने मशीन की सहायता से नोटों की गिनती की कई बार की। गणना के बाद बरामद नकदी की कुल राशि 1 करोड़ 8 लाख 79 हजार रुपये सामने आई। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने होटल में आवाजाही रोकते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

निकाय चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई
बता दें कि नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर आचार संहिता लगी हुई है। इसी दौरान चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत होटल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। होटल में बेसमेंट सहित 2 मंजिला इमारत बनी हुई है जिसमें लगभग सात कमरे हैं। बेसमेंट में होटल मालिक बंकेश सेन रहता है। उसी के कमरे से संदिग्ध नकदी मिली। होटल मालिक से रकम के स्रोत, इसे होटल तक लाने के कारण और यह पैसा कहां भेजा जाना था, इसे लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पूरी नकदी जब्त कर ली है और मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है।
जांच के बाद होगा खुलासा
आयकर विभाग भी रकम और इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच कर सकता है। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद राशि का नगर निकाय चुनाव से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल नकदी के और उसके संभावित इस्तेमाल का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई, कहां पहुंचानी थी किसने दी है? दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
(रिपोर्ट- राजकुमार वर्मा)
यह भी पढ़ें-
जयपुर नगर निगम चुनाव में BJP-कांग्रेस से आगे निकली AAP, 11 प्रत्याशी घोषित किए, देखें पूरी लिस्ट
उदयपुर के 5 स्टार होटल से 5.74 लाख का बिल चुकाए बिना फरार हुआ टूरिस्ट, 10 दिन तक मजे से रहा था