1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. कांग्रेस प्रत्याशी का स्टीकर, मिठाई के डिब्बे खोले तो निकले 500-500 के नोट; अलवर में वोटिंग से ठीक पहले का VIDEO वायरल

कांग्रेस प्रत्याशी का स्टीकर, मिठाई के डिब्बे खोले तो निकले 500-500 के नोट; अलवर में वोटिंग से ठीक पहले का VIDEO वायरल

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 09, 2026 10:28 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 10:39 pm IST

अलवर में मतदान से एक रात पहले वोटों की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। यहा देर रात एक से कलाकंद के डिब्बे बरामद हुए, जिनमें मिठाई के साथ 500-500 रुपये के नोट रखे हुए थे।

अलवर में मिठाई के...- India TV Hindi
अलवर में मिठाई के डिब्बों में निकले 500-500 के नोट। Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के अलवर में नगर निकाय चुनाव में मतदान से ठीक एक रात पहले शहर के वार्ड नंबर 42 स्थित दिवाकरी इलाके में वोटों की खरीद-फरोख्त को लेकर एक वीडियो सामने आने से सियासी हलचल तेज हो गई है। वायरल वीडियो में मिठाई के डिब्बों में कलाकंद के साथ 500-500 रुपये के नोट दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इन डिब्बों पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा की फोटो वाला स्टीकर चस्पा था। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कार और डिब्बों को छोड़कर भागे लोग

बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे दिवाकरी इलाके में एक गाड़ी काफी देर से घूम रही थी। गाड़ी पर शक होने के बाद कुछ लोगों ने उसका पीछा किया। इसके बाद दिवाकरी में एक स्थान पर RJ 14 CM 6770 नंबर की कार खड़ी दिखाई दी। कार में सवार लोग कथित तौर पर मिठाई के डिब्बे निकाल रहे थे। इसी दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखकर कार से डिब्बे निकाल रहे लोग कथित तौर पर कार और डिब्बों को वहीं छोड़कर भाग गए।

डिब्बे खोले तो कलाकंद के साथ मिले 500 के नोट

मौके पर मौजूद लोगों ने डिब्बों को खोलकर देखा तो उनमें कलाकंद के साथ 500-500 रुपये के नोट रखे होने का दावा किया गया। डिब्बों पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा का स्टीकर लगा होने की बात भी सामने आई। घटना की सूचना वैशाली नगर थाना पुलिस को दिए जाने की बात कही गई है। हालांकि, वैशाली नगर थाना पुलिस ने इस तरह की घटना होने से इनकार किया है।

देखें वीडियो-

कांग्रेस प्रत्याशी बोले- फेक है वीडियो, बसपा प्रत्याशी ने लगाए गंभीर आरोप

वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा ने इसे फेक बताया है। उनका कहना है कि “ऐसा वीडियो किसी के लिए भी बनाया जा सकता है।” दूसरी ओर बसपा प्रत्याशी सुमित वर्मा ने बैरवा पर वोट के बदले नोट बांटने का आरोप लगाया है।

मतदान से ठीक पहले सामने आए इस कथित वीडियो ने वार्ड नंबर 42 के चुनावी माहौल को गरमा दिया है। अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे डिब्बे वास्तव में कहां से आए, उनमें रखे नोट किसके थे और डिब्बों पर प्रत्याशी का स्टीकर कैसे पहुंचा। पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

वहीं, आपको बता दें कि राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बीच बीजेपी ने पार्टी के खिलाफ बगावत करने वाले 41 नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की है। 

(रिपोर्ट- मुदित गौड़)

यह भी पढ़ें-

''स्थानीय निकाय चुनावों में मुख्यमंत्री को रोड शो करने की नौबत क्यों आई?'', अशोक गहलोत ने बीजेपी पर साधा निशाना

सरकारी अफसर ले रहा था 3 लाख रुपये की रिश्वत, ACB ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।