1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 'जेल में बंद उमर खालिद को राज्यसभा भेजें', राजस्थान मुस्लिम अलायंस ने कांग्रेस से की अपील

'जेल में बंद उमर खालिद को राज्यसभा भेजें', राजस्थान मुस्लिम अलायंस ने कांग्रेस से की अपील

 Published : Mar 25, 2026 10:50 am IST,  Updated : Mar 25, 2026 10:50 am IST

राजस्थान मुस्लिम एलायंस ने कांग्रेस से जेल में बंद JNU के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद को राज्यसभा भेजने की मांग की है। संगठन का कहना है कि राजस्थान में मुस्लिम प्रतिनिधित्व नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि आरोप साबित होने तक व्यक्ति दोषी नहीं होता और उमर खालिद योग्य उम्मीदवार हैं।

Umar Khalid Rajya Sabha, Rajasthan Muslim Alliance demand, Congress Rajya Sabha candidate- India TV Hindi
जेल में बंद पूर्व छात्र नेता उमर खालिद और राजस्थान मुस्लिम एलायंस के अध्यक्ष मोहसिन राशिद। Image Source : PTI/ANI

जयपुर: राजस्थान मुस्लिम एलायंस के अध्यक्ष मोहसिन राशिद ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी के हाईकमान से अपील की है कि वे जेल में बंद JNU के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद को राजस्थान से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाएं। राशिद ने कहा कि राजस्थान में दशकों से संसद में मुसलमानों का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है, न लोकसभा में और न ही राज्यसभा में। उन्होंने कहा, 'पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 25 और कांग्रेस ने 25 उम्मीदवार उतारे, लेकिन एक भी मुस्लिम कैंडिडेट नहीं दिया। उस समय राजस्थान के मुस्लिमों को उम्मीद थी कि आगामी राज्यसभा चुनाव में कम से कम एक मुस्लिम को भेजा जाएगा।'

'आरोप लगना और दोषी साबित होना अलग-अलग बात'

राशिद ने उमर खालिद का बचाव करते हुए कहा कि भारतीय संविधान के अनुसार, जब तक अदालत में दोष साबित नहीं हो जाता, तब तक कोई व्यक्ति अपराधी नहीं माना जाता। उन्होंने कई नेताओं के उदाहरण देते हुए ANI से कहा, 'उमर खालिद पर आरोप हैं, लेकिन आरोप लगना और दोषी साबित होना अलग-अलग बात है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कुलदीप सिंह सेंगर, चिन्मयानंद और अनुराग ठाकुर पर भी आरोप लगे थे, फिर भी वे चुनाव लड़े और लोकसभा, राज्यसभा तथा विधानसभा में पहुंचे।'

'राजस्थान से मुस्लिम प्रतिनिधित्व की जरूरत'

राशिद ने आगे कहा कि उमर खालिद पढ़े-लिखे युवा नेता हैं और उन्होंने मुस्लिमों के हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर आवाज उठाई है। उन्होंने कहा, 'हमारी मांग है कि कांग्रेस पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाए। ठीक वैसे ही जैसे कांग्रेस ने कन्हैया कुमार और अन्य युवाओं को मुख्यधारा में लाने का काम किया। जो लोग जमीनी स्तर पर संघर्ष करते हैं, उन्हें मुख्यधारा में लाना चाहिए। राजस्थान से मुस्लिम प्रतिनिधित्व की जरूरत है, तो उमर खालिद जैसे शिक्षित व्यक्ति को क्यों न चुना जाए?' मोहसिन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद मानती है कि सिर्फ आरोप लगने के कारण किसी को समाज से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।

'कांग्रेस के कई बड़े नेता बीजेपी में जा रहे हैं'

राशिद ने यह भी बताया कि कांग्रेस के कई बड़े नेता बीजेपी में जा रहे हैं और हाल ही में कुछ कांग्रेस विधायकों ने बीजेपी के पक्ष में वोट भी दिया, लेकिन उमर खालिद के साथ ऐसा होने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने कहा, 'उमर खालिद ऐसे उम्मीदवार हैं जो राज्यसभा जाकर जमीनी मुद्दों को, खासकर मुस्लिमों से जुड़े मुद्दों को बिना किसी डर या लालच के उठाएंगे। वे बीजेपी से नहीं डरेंगे और न ही खरीदे जा सकेंगे। यही हमारी मांग का मुख्य आधार है।' मोहसिन राशिद ने कहा कि यह मांग सिर्फ उनकी व्यक्तिगत नहीं है बल्कि पूरे राजस्थान के मुसलमानों की है।

'हमले के बावजूद हम कांग्रेस का साथ देते हैं'

राशिद ने कहा कि वह कांग्रेस में कोई आधिकारिक पद नहीं रखते और राजस्थान मुस्लिम एलायंस के राज्य प्रभारी और अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा, 'यह पूरे राजस्थान के मुस्लिम समुदाय की मांग है। हम कांग्रेस को वोट देते हैं। हम पर हमले होने के बावजूद कांग्रेस का साथ देते हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि कांग्रेस इस मांग को मुस्लिम समुदाय की वैध मांग मानकर सकारात्मक रूप से विचार करे।' बता दें कि उमर खालिद दिल्ली दंगों के मामले में 2020 से जेल में बंद हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।