Rajasthan News: जयपुर ग्रामीण सीट से सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से स्वतंत्रता दिवस पर अर्धसैनिक बलों का अपमान करने के लिए माफी मांगने को कहा है। उन्होंने कहा कि सेना पर आरोप लगाना कांग्रेस का स्वभाव है और गहलोत इस परंपरा को आगे बढा रहे हैं। यह बयान उनकी विकृत मानसिकता को दर्शाता है। गहलोत ने आरोप लगाया था कि भाजपा अपने कार्यालयों तक धन पहुंचाने के लिए अर्धसैनिक बलों और पुलिस बलों के वाहनों का दुरूपयोग करती है। राठौड़ ने मंगलवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''स्वतंत्रता दिवस पर अर्धसैनिक बलों के अपमान के लिये मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए। सेना पर आरोप लगाना कांग्रेस का स्वभाव है और गहलोत इस परंपरा को आगे बढा रहे है। बयान उनकी विकृत मानसिकता को दर्शाता है।''
उन्होंने कहा कि यह न केवल सैनिकों का बल्कि उनकी माताओं का भी अपमान है। उन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शर्म आनी चाहिए जो गहलोत साहब के बयान पर ताली बजा रहे थे। राठौड़ ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है और महिलाओं और दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं।
बता दें, राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी ( BJP) पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी अपने दफ्तरों में 'अवैध धन' लाने के लिए अर्धसैनिक बलों के ट्रकों का दुरुपयोग करती है।
अशोक गहलोत ने सोमवार को जयपुर में शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “ये (भाजपा वाले) क्या करते हैं, मालूम है आपको? ये अर्धसैनिक बलों या पुलिस वालों को पकड़ते हैं, जहां इनकी सरकारें होती हैं। ट्रक में बक्से भरकर पैसा लाते हैं, उसे भाजपा के दफ्तर के पिछले हिस्से में ले जाते हैं और फिर बक्से उतारकर अंदर पहुंचाते हैं। गाड़ी पुलिस की होती है, उसे पकड़े कौन? लोग सोचते हैं इनके रंगरूट आए होंगे मदद करने।''
संपादक की पसंद