1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में हाड़ कपा देने वाली ठंड, सीकर में 1.5 डिग्री तक पहुंचा तापमान; बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

राजस्थान में हाड़ कपा देने वाली ठंड, सीकर में 1.5 डिग्री तक पहुंचा तापमान; बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Dec 04, 2025 08:33 am IST,  Updated : Dec 04, 2025 08:39 am IST

राजस्थान में ठंडी हवाएं चलने की वजह से कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने सीकर, झालावाड़, झुंझुनू, सवाई माधोपुर और चूरू जिलों के लिए कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में हाड़ कपा देने वाली ठंड - India TV Hindi
राजस्थान में हाड़ कपा देने वाली ठंड Image Source : PTI

जयपुरः उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने पूरे राजस्थान में सर्दी बढ़ा दी है। खासकर शेखावाटी इलाके में तापमान में भारी गिरावट आई है। सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में गुरुवार सुबह का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पारा तेजी से लुढ़कने पर सर्दी ने अपना रंग दिखा दिया है। बर्फीली हवा चलने से धूप बेअसर हो गई है और जनजीवन पर गहरा असर पड़ा है। 

शीतलहर की चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने 4 और 5 दिसंबर के लिए सीकर, चूरू और झुंझुनू ज़िलों में कोल्ड वेव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अलर्ट जारी कर लोगों और किसानों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अगले दो दिन तक शीत लहर का असर बना रहेगा।

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले दो दिनों तक ठंड का कहर जारी रहेगा। सीकर, चूरू और झुंझुनू में सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। श्री गंगानगर, फलौदी, बीकानेर, चूरू, करौली और हनुमानगढ़ जैसे इलाकों में टेम्परेचर नॉर्मल लेवल से कम रिकॉर्ड किया गया। अलवर और सीकर समेत कई ज़िलों में न्यूनतम टेम्परेचर 10°C से नीचे रहा। 

कई इलाकों में पड़ रहा है कोहरा

बुधवार को न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) और लूणकरणसर (बीकानेर) में 3.2°C दर्ज किया गया था। सुबह कोटपुतली-बहरोड़ में हल्का कोहरा भी देखा गया। राजस्थान के सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30°C से नीचे दर्ज किया गया। 

जयपुर के मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, अगले हफ़्ते राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में मौसम साफ़ रहेगा। हालांकि, ठंडी हवाओं का असर और तेज़ होने की उम्मीद है। उत्तरी राजस्थान में रात का तापमान अगले 24 से 48 घंटों में और गिर सकता है, जिसमें 1 से 2 डिग्री की और गिरावट की संभावना है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।