राजस्थान के झुंझुनूं में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक रिटायर्ड फौजी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, मृतक उदयवीर सिंह (करीब 50 वर्ष) वर्ष 2011 में सेना से रिटायर हुए थे।
क्या है पूरा मामला?
घटना झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र के बामनवास गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव के ही युवक अकरम से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पहले दोनों ने कुछ देर बातचीत की और फिर कहासुनी हो गई जिसके बाद आरोपी ने रिटायर्ड फौजी के पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही उदयवीर सिंह लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़े। वारदात के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में उदयवीर सिंह को तुरंत चिड़ावा के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
गांव में भारी पुलिसबल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी देवेंद्र सिंह राजावत, डीएसपी विकास धींधवाल, सूरजगढ़ सीआई रणजीत सिंह सेवदा और पिलानी सीआई चंद्रभान सहित पुलिस के आला अधिकारी देर रात मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है। चिड़ावा, सूरजगढ़ और पिलानी सहित कई थानों की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।

मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। फिलहाल शव को चिड़ावा उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(रिपोर्ट- अमित शर्मा)
यह भी पढ़ें-