1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. सवाई माधोपुर: घर में घुसकर युवती को फिल्मी स्टाइल में मारी गोली, गांव वालों ने पेड़ से बांधा और फिर... VIDEO

सवाई माधोपुर: घर में घुसकर युवती को फिल्मी स्टाइल में मारी गोली, गांव वालों ने पेड़ से बांधा और फिर... VIDEO

 Published : Jun 30, 2023 07:40 pm IST,  Updated : Jun 30, 2023 07:40 pm IST

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के बाटोदा थाना क्षेत्र में एक युवक ने एक युवती को घर में घुसकर गोली मार दी, जिसके बाद उस युवती की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। इसके बाद गांव वालों ने हमलावर को पकड़कर पेड़ से बांध कर जमकर पीटा।

sawai madhopur - India TV Hindi
सवाई माधोपुर जिले में युवती की हत्या करने वाले को ग्रामीणों ने पकड़ा Image Source : VIRAL VIDEO

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के बाटोदा थाना क्षेत्र में फिल्मी स्टाइल में एक 24 वर्षीय युवती की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने देसी कट्टे से फायर किया, जिससे युवती के सिर में गोली लग गई और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामला विगत शाम बाटोदा थाना क्षेत्र के बरनाला कस्बे का है। घटना को लेकर देर रात तक संवेदनशील माहौल बना रहा। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशन में बामनवास, बाटोदा, मलारना पुलिस मौके पर पहुंची। 

ग्रामीणों ने 3 घंटे तक पेड़ से बांधे रखा आरोपी

इसके बाद ग्रामीणों ने फायरिंग के मुख्य आरोपी को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसे बुरी तरह पीटा। गांव वालों ने लगभग 3 घंटे तक आरोपी को पेड़ से बांधे रखा। फिर पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल ले जाया गया। वहीं मृतका पूजा मीणा पुत्री प्यारे लाल मीणा का शव बरनाला सीएचसी में रखा गया। जिसका आज पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। जानकारी के बाद मौके पर एफएसएल टीम भी पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए गए। देर रात बाटोदा थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। 

घर आकर युवती से की छेड़छाड़ फिर चलाई गोली
वहीं पीड़ित पक्ष जिला प्रशासन को मौके पर बुलवाने की बाद ही पोस्टमार्टम की मांग पर अड़े हुए हैं। मृतका के चाचा नाथूलाल पुत्र अर्जुन मीणा ने रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि उसकी भतीजी पूजा अपने घर पर मौजूद थी। तब ही कल आरोपी भानु प्रताप पुत्र रामविलास मीणा निवासी सुखचैनपुरा थाना लालसोट, अंकित पुत्र घनश्याम मीणा निवासी मलारना डूंगर, कुलदीप मीणा निवासी बगड़ी उनके घर आए और युवती से छेड़छाड़ की। इस दौरान भानु प्रताप ने देसी कट्टे से फायर कर दिया, जिससे पूजा के सिर में गोली लग गई। घटनास्थल पर पूजा की मां उर्मिला देवी और चाचा नाथूलाल मौजूद थे। घटना के बाद मौके पर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। 

प्रेम प्रसंग से जोड़ा जा रहा मामला
आरोपी भानु प्रताप के हाथ में पिस्टल देखी गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। बहरहाल, बाटोदा थाना पुलिस ने भानुप्रताप, कृष्णा, अंकित व कुलदीप मीना के विरुद्ध छेड़छाड़, हत्या व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं मामले की जांच प्रशिक्षु डिप्टी मनीषा मीणा कर रही है। जानकार सूत्रों की माने तो आरोपी भानु प्रताप पूर्व में भी पीड़ित पक्ष के घर आता रहता था। ऐसे में इसे लेन-देन या प्रेम प्रसंग से मामले को जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि मामले में आधिकारिक तौर पर पुलिस ने कोई पुष्टि नहीं की है। पुलिस इन्वेस्टिगेशन व आरोपी से पूछताछ के बाद ही प्रकरण में खुलासा हो सकेगा।

(रिपोर्ट- बजरंग सिंह-सवाई)

ये भी पढ़ें-

कैलाश पर्वत के लिए अब ना चीन जाना पड़ेगा, ना ही नेपाल, उत्तराखंड से ही होंगे दर्शन 

उत्ताराखंड में बारिश का कहर, दरकने लगे पहाड़, प्रशासन ने जारी किए अलर्ट
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।