1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. चुरू: अस्पताल में दिखा 'थ्री इडियट्स' वाला सीन, बुजुर्ग को लेकर बाइक समेत इमरजेंसी वार्ड में घुस गए युवक; देखें VIDEO

चुरू: अस्पताल में दिखा 'थ्री इडियट्स' वाला सीन, बुजुर्ग को लेकर बाइक समेत इमरजेंसी वार्ड में घुस गए युवक; देखें VIDEO

 Edited By: Amar Deep
 Published : Sep 08, 2025 03:51 pm IST,  Updated : Sep 08, 2025 03:57 pm IST

चुरू के एक अस्पताल में थ्री इडियट्स मूवी वाला सीन देखने को मिला। यहां दो युवक बाइक पर बुजुर्ग को बैठाकर सीधे इमरजेंसी वार्ड में घुस गए। इसका वीडियो भी सामने आया है।

अस्पताल में दिखा थ्री इडियट्स वाला सीन।- India TV Hindi
अस्पताल में दिखा थ्री इडियट्स वाला सीन। Image Source : REPORTER INPUT

चुरू: राजस्थान के चुरू जिले में थ्री इडियट्स मूवी जैसा एक नजारा देखने को मिला। यहां दो लोग एक बुजुर्ग को बाइक पर बीच में बैठाकर अस्पताल पहुंचे। वह बाइक लेकर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुस गए, जिसके बाद बुजुर्ग का त्वरित इलाज शुरू किया गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फिलहाल बुजुर्ग की तबीयत अब ठीक है। वहीं डॉक्टरों ने बुजुर्ग को जल्दी अस्पताल लाने के इस प्रयास की सराहना की है। 

बुजुर्ग को लेकर सीधा इमरजेंसी वार्ड में घुसे

दरअसल, चुरू जिले में एक युवक ने फिल्म थ्री इडियट्स के सीन की तरह अपनी बाइक को डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड तक घुसा दिया। इस त्वरित एक्शन की वजह से बुजुर्ग की जान बचा ली गई। जानकारी के अनुसार फतेहाबाद (हरियाणा) निवासी रण सिंह अपने परिवार के साथ कहीं से लौट रहे थे। बीकानेर-सराय रोहिल्ला ट्रेन से यात्रा के दौरान उनके पिता भल्लेराम (65) की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। शुगर का मरीज होने की वजह से उनका शरीर ठंडा पड़ गया। रण सिंह ने ट्रेन की चेन खींचकर उसे रोका।

खतरे से बाहर है बुजुर्ग की हालत

इसी दौरान स्टेशन पर मौजूद शुभम देवड़ा (28) ने शोर-शराबा सुनकर तुरंत मदद की और बुजुर्ग को अपनी बाइक पर बैठाकर सीधे डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि बुजुर्ग का शुगर लेवल लो हो गया था। तत्काल इलाज मिलने से उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

तुरंत अस्पताल लाने से बची जान

वहीं इस घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार भी अस्पताल पहुंचे और बुजुर्ग का हालचाल जाना। उन्होंने युवक की सराहना करते हुए कहा कि उसने समय पर मदद कर मानवता का परिचय दिया और एक जान बचाई। साथ ही आमजन से अपील की कि आपात स्थिति में हर कोई घायल या बीमार व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करे। (इनपुट- अमित शर्मा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।