1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. सीकर: जहरीले धुएं से महिला की मौत, 15 बच्चों समेत 23 लोग अस्पताल में भर्ती, फैक्ट्री से गैस रिसाव की आशंका

सीकर: जहरीले धुएं से महिला की मौत, 15 बच्चों समेत 23 लोग अस्पताल में भर्ती, फैक्ट्री से गैस रिसाव की आशंका

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 23, 2025 06:02 pm IST,  Updated : Nov 23, 2025 06:02 pm IST

सीकर में कपड़े की फैक्ट्री का नया प्लांट शुरू हुआ है। यहीं से गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है। धुआं निकलना रात साढ़े नौ बजे शुरू हुआ था। एक किलोमीटर दायरे में दहशत फैली हुई है।

Gas Leak- India TV Hindi
अस्पताल में भर्ती लोग Image Source : REPORTER INPUT

सीकर के शांति नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात अचानक उठे जहरीले धुएं ने लोगों में अफरा-तफरी मचा दी। करीब साढ़े नौ बजे शुरू हुए इस धुएं ने आधा दर्जन कॉलोनियों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सांस लेने में कठिनाई, आंखों में जलन, सिरदर्द और उल्टी की शिकायतें बढ़ने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख लोग घरों से मास्क लगाकर बाहर निकले और अस्पतालों की ओर भागे। जयपुर रोड स्थित निजी अस्पतालों के साथ ही एसके अस्पताल में रातभर भागदौड़ मची रही।

धुएं के संपर्क में आए 23 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें 15 बच्चे शामिल हैं। कई लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, लेकिन गंभीर स्थिति में आई एक 65 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, धुआं इतना घना था कि पूरे इलाके में एक समय धुंध सा दिखाई देने लगा।

कपड़े की फैक्ट्री से गैस लीक की आशंका

प्रशासन और पुलिस को सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। प्रारंभिक आशंका कपड़े की फैक्ट्री के नए प्लांट से गैस या केमिकल रिसाव की जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने अभी आधिकारिक रूप से किसी कारण की पुष्टि नहीं की है। 

जांच के लिए टीमें गठित

अपर जिला कलेक्टर रतन कुमार ने बताया कि धुएं के स्रोत की जांच के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और तकनीकी विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि जहरीला धुआं किस वजह से उठा। रात साढ़े तीन बजे तक प्रभाव क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, मगर क्षेत्रवासियों में घटना को लेकर भारी नाराजगी और चिंता बनी हुई है।

(सीकर से बाल मुकुंद जोशी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

पुलिस चौकी के पास दो घंटे तक ज्वैलरी शॉप में लूटपाट मचाते रहे लुटेरे, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

NH-11 पर बड़ा हादसा: बस से टक्कर के बाद CNG कार में ब्लास्ट, 22 साल के ज्वैलरी व्यवसायी की जिंदा जलकर मौत

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।