1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. सजे-धजे हाथी पर डॉक्टर दूल्हा, ऊंटों पर बाराती, इस अनूठी शादी को आप भी देखिए- VIDEO

सजे-धजे हाथी पर डॉक्टर दूल्हा, ऊंटों पर बाराती, इस अनूठी शादी को आप भी देखिए- VIDEO

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 14, 2025 09:19 am IST,  Updated : May 14, 2025 09:19 am IST

राजस्थान से एक अनोखी शादी की तस्वीर सामने आई है, जहां डॉक्टर दूल्हा अपनी बारात ऊंटों और हाथी पर ले गया। डॉक्टर दूल्हा हाथी पर सवार होकर बारात लेकर निकला।

हाथी पर सवार डॉक्टर दूल्हा- India TV Hindi
हाथी पर सवार डॉक्टर दूल्हा

बदलते समय के साथ जहां आधुनिकता की चमक-धमक ने पारंपरिक रीति-रिवाजों को कुछ हद तक पीछे छोड़ दिया है, तो वहीं राजस्थान के झुंझुनूं जिले के एक छोटे से गांव में आयोजित एक विवाह समारोह ने यह साबित कर दिया कि परंपरा और आधुनिकता साथ-साथ भी चल सकती हैं।

काकोड़ा पंचायत के गोलियों की ढाणी निवासी डॉ. योगेश झाझड़िया की शादी एक मिसाल बन गई, जब उनकी बारात ऊंट-गाड़ियों पर सवार होकर लोटिया मोड़ स्थित 1100 बीघा पहुंची। पशु चिकित्सक डॉ. योगेश और बीएससी की छात्रा ममता ने अपनी शादी को एक अनूठा और यादगार अनुभव बनाने के लिए पारंपरिक अंदाज में आयोजित करने का निर्णय लिया।

पुरातन परंपराओं को फिर से जीवंत किया

दूल्हे की मां सुमन देवी ने बताया, "हमने यह शादी इस अंदाज में इसलिए की ताकि नई पीढ़ी हमारी परंपराओं को देख सके और समझ सके कि इनका भी अपना एक अलग सौंदर्य और महत्व है।" वहीं, दुल्हन के परिवार वालों ने भी इस पारंपरिक आयोजन को हाथों-हाथ लिया और कहा कि वे चाहते थे कि यह विवाह समारोह न केवल परिवार के लिए, बल्कि गांव वालों और मेहमानों के लिए भी एक यादगार बन जाए।

हाथी पर तोरण मारना बना आकर्षण का केंद्र

इस खास आयोजन में दूल्हा हाथी पर सवार होकर तोरण मारने पहुंचा। दुल्हन के परिवार ने पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात का स्वागत किया। ऊंट-गाड़ियों को रंग-बिरंगे वस्त्रों और फूलों से सजाया गया था, जो पूरे रास्ते लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। गांव की गलियों में जब यह बारात निकली तो मानो समय कुछ पलों के लिए पीछे लौट आया।

बुजुर्गों को याद आए पुराने दिन

इस आयोजन ने बुजुर्गों को उनके पुराने दिनों की याद दिला दी, वहीं युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा दी। बारातियों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया और विवाह स्थल पर लोक संगीत, नृत्य ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

यह विवाह समारोह एक उदाहरण बन गया कि कैसे आधुनिक शिक्षा और सोच के साथ भी हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजो सकते हैं और अगली पीढ़ियों को इसके प्रति जागरूक कर सकते हैं। राजस्थान की यह शादी न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

हरियाणा में ड्रोन के इस्तेमाल पर लागू रहेगी पाबंदी, 25 मई तक के लिए आदेश जारी

पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार बने UPSC के नए चेयरमैन, जानें उनके बारे में

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।