1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर के आमेर किला पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का जोरदार स्वागत, लोक कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां

जयपुर के आमेर किला पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का जोरदार स्वागत, लोक कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां

 Published : Apr 22, 2025 11:17 am IST,  Updated : Apr 22, 2025 11:39 am IST

संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, पत्नी उषा वेंस और बच्चों के साथ जयपुर के आमेर किले पहुंचे। यहां उन्होंने आमेर का किला देखा।

आमेर किले में अमेरिकी उपराष्ट्रपति- India TV Hindi
आमेर किले में अमेरिकी उपराष्ट्रपति Image Source : PTI

जयपुरः अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मंगलवार को परिवार के साथ जयपुर के आमेर किले पहुंचे। जहां उनका स्वागत जीवंत राजस्थानी लोक कलाकारों और पारंपरिक रूप से सजे हाथियों के साथ किया गया। जानकारी के अनुसार, जेडी वेंस पत्नी और दोनों बच्चों के साथ रामबाग पैलेस से आमेर किले गए। 

मुख्यमंत्री ने वेंस का किया स्वागत

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जब आमेर किले के मुख्य प्रांगण जलेब चौक में पहुंचे तो दो सजी-धजी हथिनी चंदा और माला ने अपनी सूंड उठाकर उनका स्वागत किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किले में उनकी अगवानी की। 

जेडी वेंस ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया

जेडी वेंस ने परिवार समेत राजस्थान की जीवंत संस्कृति की झलक पेश करने वाले कच्ची घोड़ी, घूमर और लोक नृत्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। उपराष्ट्रपति वेंस अपने बेटे इवान और विवेक का हाथ थामे लाल कालीन पर चले, जबकि उनकी पत्नी उषा वेंस ने अपनी बेटी मीराबेल को गोद में उठाया हुआ था। वेंस परिवार की इस यात्रा को देखते हुए आमेर के किले को सोमवार दोपहर 12 बजे से 24 घंटे के लिए आम जनता के लिए बंद कर दिया गया था। 

अरावली पर्वतमाला की घाटी में स्थित है आमेर किला

बता दें कि आमेर का किला जयपुर शहर से 11 किमी दूर है और यह अरावली पर्वतमाला की घाटी में स्थित है। यह भव्य किला विशाल महल परिसर है जिसे हल्के पीले और गुलाबी बलुआ पत्थर और सफेद संगमरमर से बनाया गया है। किला चार मुख्य खंडों में विभाजित है, जिनके अपने अपने प्रांगण हैं।

इससे पहले जेडी वेंस दिल्ली में सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्रीज एम्पोरियम का दौरा किया, जहां उन्होंने भारतीय हस्तशिल्प को देखा और मिट्टी के बर्तन, पेपर-मैचे आइटम और चाय खरीदी। उन्होंने अक्षरधाम मंदिर का भी दौरा किया, जहां उनके बच्चों ने पारंपरिक भारतीय पोशाक-कुर्ता-पायजामा और अनारकली शैली की पोशाक पहनी हुई थी।

 (एएनआई और पीटीआई इनपुट के साथ)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।