1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में रेल की पटरियां जलमग्न, सड़कें भी धसीं, अभी कई जिलों में और होगी बारिश, जारी हुआ अलर्ट

राजस्थान में रेल की पटरियां जलमग्न, सड़कें भी धसीं, अभी कई जिलों में और होगी बारिश, जारी हुआ अलर्ट

 Published : Jul 14, 2025 10:35 pm IST,  Updated : Jul 14, 2025 10:41 pm IST

राजस्थान के कई जिलों में हुई बारिश से सड़कों में पानी का जलजमाव हो गया है। रेल की पटरियां भी बारिश के पानी में डूब गई है। इस बीच, मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जापी किया है।

भारी बारिश से सड़कें जलमग्न- India TV Hindi
भारी बारिश से सड़कें जलमग्न Image Source : FILE PHOTO-PTI

राजस्थान के अनेक हिस्सों में सोमवार को मानसून की तेज बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अति भारी बारिश व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। सोमवार सुबह तक चौबीस घंटे में कोटा जिले के खतौली में सबसे अधिक 198 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा पाली में 167 मिलीमीटर बारिश हुई। 

राजस्थान के इन जिलों में हुई भारी बारिश

मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार, मध्य प्रदेश के ऊपर बना परिसंचरण तंत्र तीव्र होकर कम दबाव का क्षेत्र बन गया और अभी उत्तर पूर्वी राजस्‍थान एवं उसके आसपास स्थित है। इसके प्रभाव से कोटा, उदयपुर एवं जोधपुर संभाग के कुछ भागों में भारी एवं अतिभारी बारिश हुई। 

वनस्थली में 50 मिलीमीटर बारिश

सोमवार को दिन में गंगानगर में सबसे अधिक 60.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा वनस्थली में 50 मिलीमीटर, कोटा में 14.2 मिलीमीटर एवं डूंगरपुर में 13.5 मिलीमीटर बारिश हुई। 

इन जिलों में अभी और होगी बारिश 

मौसम केंद्र के अनुसार, मंगलवार (15 जुलाई) को कोटा, अजमेर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में भारी, अतिभारी बारिश व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है जबकि बीकानेर, जयपुर एवं भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार (16 जुलाई) को जोधपुर, बीकानेर एवं अजमेर संभाग के कुछ भागों में भारी बारिश एवं कहीं-कहीं ज्यादा बारिश होने का अनुमान है।

रिहायशी इलाकों में भरा पानी

राज्य के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।  जोधपुर में भारी बारिश के कारण रेलवे स्टेशन परिसर में जलभराव हो गया, पटरियां जलमग्न हो गईं और रेलगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई। तिंवरी समेत कई इलाकों में सड़कों और रिहायशी इलाकों में भारी जलभराव हो गया।

बामनी नदी में बहा एक युवक

कोटा के निमोदा हरिजी गांव के पास चंबल नदी के बीच एक टापू पर पिकनिक मना रहे कम से कम पांच युवक सोमवार को पानी के तेज बहाव में बह गए। उन्हें ढूंढने के लिए बचाव कार्य जारी है। राज्य की राजधानी जयपुर में मेट्रो स्टेशन के एक खंभे के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया और लगभग 12 फुट चौड़ा एक बड़ा गड्ढा बन गया। इस इलाके को आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। धौलपुर के बाड़ी इलाके में रविवार को उफनती बामनी नदी पार करते समय एक युवक बह गया। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।