1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ की पवित्र गुफा में हुए बाबा बर्फानी के प्रथम दर्शन, यहां जानें कब से शुरू होगी यात्रा

Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ की पवित्र गुफा में हुए बाबा बर्फानी के प्रथम दर्शन, यहां जानें कब से शुरू होगी यात्रा

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Jun 11, 2025 01:29 pm IST,  Updated : Jun 11, 2025 01:29 pm IST

Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ की पवित्र गुफा में 11 जून को बाबा बर्फानी के प्रथम दर्शन किए गए। इस दौरान भगवान शिव की पूजा आराधना भी की गई। कुछ ही दिनों के बाद अमरनाथ की यात्रा की शुरुआत की जाएगी।

Amarnath Yatra 2025- India TV Hindi
अमरनाथ यात्रा 2025 Image Source : INDIA TV

Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ भगवान शिव के पूजनीय धार्मिक स्थलों में से एक है। हर वर्ष लाखों भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए अमरनाथ पहुंचते हैं। यहां भगवान शिव का पवित्र शिवलिंग है, यह शिवलिंग बर्फ से बना है इसलिए इसे हिमलिंग भी कहा जाता है। अमरनाथ गुफा पहलगाम से 34 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। साल 2025 में 11 जून को बाबा अमरनाथ के प्रथम दर्शन किए गए और साथ ही विधिपूर्वक पूजा की गई। 

ज्येष्ठ पूर्णिमा पर हुई अमरनाथ में प्रथम पूजा

ज्येष्ठ पूर्णिमा के शुभ अवसर पर अमरनाथ की पवित्र गुफा में भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा की गई। पूजा और अनुष्ठान का आयोजन अमरनाथ श्राइन बोर्ड के द्वारा किया गया था। इस दौरान अमरनाथ में श्राइन बोर्ड के बड़े अधिकारियों ने भी पवित्र अनुष्ठान में हिस्सा लिया। अगस्त के दूसरे सप्ताह तक बाबा अमरनाथ में भक्तों का तांता लगेगा। ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन से सुबह और शाम के समय अमरनाथ की पवित्र गुफा में भगवान शिव की पूजा की जाएगी। 

कब से शुरू होगी यात्रा

अमरनाथ यात्रा के संबंध में श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि ज्येष्ठ पूर्णिमा पर प्रथम पूजा के बाद यात्रा से संबंधित प्रक्रिया तेजी से शुरू हो जाएगी। यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई से होगी और 38 दिनों तक यह यात्रा चलेगी। 9 अगस्त को अमरनाथ यात्रा का समापन हो जाएगा। पिछले साल लगभग 5 लाख लोगों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे। सूत्रों की मानें तो इस वर्ष भी लगभग इतने ही श्रद्धालु अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन करने पहुंच सकते हैं। 

बाबा अमरनाथ से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं

अमरनाथ में स्थित बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा को लेकर मान्यता है कि यहां शिवजी ने माता पार्वती को अमर होने का रहस्य बताया था। इसलिए इस पवित्र स्थान का नाम अमरनाथ पड़ा। यहां दो कबूतरों ने भी अमर कथा सुनी थी और कहा जाता है कि वो भी अमर हो गए थे। पुराणों में वर्णित है कि अमरनाथ में बाबा बर्फानी के दर्शन करने से काशी में शिवजी के दर्शन से दस गुना और प्रयाग में भोलेबाबा के दर्शन से सौ गुना अधिक पुण्य प्राप्त होता है। वहीं हिंदू मान्यताओं के अनुसार बाबा बर्फानी के दर्शन करने से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है। 

ये भी पढ़ें- 

Jyeshtha Purnima 2025: ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन जरूर करें इन मंत्रों का जप, सभी मनोकामनाएं होंगी पूरी

14 जून को राहु के नक्षत्र में गुरु करेंगे प्रवेश, इन 4 राशियों की करियर और पारिवारिक जीवन में बढ़ेंगी मुश्किलें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।