1. Hindi News
  2. धर्म
  3. नाग पंचमी पर सूर्य का राजसी गोचर, 17 सितंबर तक 4 राशियों की चमकेगी किस्मत, संतान पक्ष से मिलेगी बड़ी खुशखबरी

नाग पंचमी पर सूर्य का राजसी गोचर, 17 सितंबर तक 4 राशियों की चमकेगी किस्मत, संतान पक्ष से मिलेगी बड़ी खुशखबरी

 Written By: Acharya Indu Prakash Edited By: Laveena Sharma
 Published : Aug 17, 2026 06:32 am IST,  Updated : Aug 17, 2026 06:32 am IST

आज सुबह 7 बजकर 58 मिनट पर सूर्य देव कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करेंगे और 17 सितम्बर की सुबह 7 बजकर 52 मिनट तक सिंह राशि में ही गोचर करते रहेंगे, उसके बाद कन्या राशि में प्रवेश कर जायेंगे। जानिए सूर्य के गोचर का आपकी राशि पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

surya gochar- India TV Hindi
सूर्य का सिंह राशि में गोचर Image Source : INDIA TV

17 अगस्त 2026 को यानी नाग पंचमी के दिन सूर्य अपनी स्वराशि सिंह में प्रवेश कर रहे हैं, जहां ये 17 सितंबर तक विराजमान रहेंगे। ये एक महीने की अवधि कुछ राशियों के लिए बेहद खास साबित होगी। बता दें जिस दिन भी सूर्यदेव एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं, उस दिन सूर्य की संक्रांति होती है। लिहाजा आज सूर्य की सिंह संक्रांति है। सूर्य के किसी भी संक्रांति के दिन पुण्यकाल का बहुत महत्व होता है। इस दौरान दान-पुण्य करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। बता दें सूर्य की इस सिंह संक्रांति का विशेष पुण्यकाल आज सुबह सूर्योदय के साथ ही शुरू हो चुका है जो आज दोपहर 2 बजकर 22 मिनट तक रहेगा। अतः आप दोपहर 2 बजकर 22 मिनट तक कुछ दान करके पुण्य जरूर कमाएं। 

इसके अलावा आपको बता दें कि सूर्य के इस राशि बदलाव का प्रभाव सभी 12 राशियों पर पड़ेगा। सूर्यदेव आपके किस स्थान पर गोचर करेंगे और उस स्थिति में शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये आपको क्या उपाय करने चाहिए, अब हम इसकी चर्चा करेंगे।

मेष राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के पांचवे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के पांचवे स्थान का संबंध आपकी संतान से है, आपके रोमांस से है, आपकी विद्या से है, आपके गुरु से है और आपके विवेक से है। सूर्य के इस गोचर से आपको इन सब चीजों का सामान्य रूप से लाभ मिलता रहेगा। आपको अपनी संतान से शुभ समाचार मिल सकते हैं। आप रोमांस और विद्या के क्षेत्र में सफल हो सकते हैं। आपको अपने गुरु का साथ मिलता रहेगा और आपका विवेक भी बना रहेगा। लिहाजा 17 सितम्बर तक सूर्य की इस बेहतर स्थिति का फायदा उठाने के लिये पक्षियों को दाना डालें। आपकी स्थिति बेहतर बनी रहेगी। (यहां एक बात का ध्यान रखना है कि दाना कबूतर को नहीं डालना है।)

वृष राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के चौथे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के चौथे स्थान का संबंध माता, भूमि-भवन और वाहन से है। सूर्य के इस गोचर से आपको अपने कार्यों में माता से पूरा सहयोग मिलेगा। आपको 17 सितम्बर तक भूमि-भवन और वाहन का लाभ मिल सकता है। इनसे जुड़ी कोई बढ़िया डील आपके हाथ लग सकती है। लिहाजा सूर्य के इन शुभ प्रभावों को सुनिश्चित करने के लिये किसी जरूरतमंद को भोजन कराएं, आपकी शुभ स्थिति बनी रहेगी।

मिथुन राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के तीसरे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के तीसरे स्थान का संबंध आपके भाई-बहनों से है, आपकी अभिव्यक्ति से है। सूर्य के इस गोचर से आपको समय-समय पर भाई-बहनों का साथ मिलता रहेगा। 17 सितम्बर तक उनके द्वारा किये गए कामों से आपको भी लाभ मिल सकता है। साथ ही इस दौरान लोग आपकी कही बातों पर ध्यान देंगे और आपका सहयोग करेंगे। तो सूर्य देव के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और किसी भी तरह के अशुभ फल से बचने के लिये आपको, सूर्यदेव के इस मंत्र का जाप करना चाहिए। मन्त्र इस प्रकार है- ॐ ह्रां ह्रीं हौं स: सूर्याय नम:। इस मंत्र का जाप करने से आपके साथ सब ठीक होगा।

कर्क राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के दूसरे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के दूसरे स्थान का संबंध हमारे धन से है। हमारे स्वभाव से है। सूर्यदेव के इस गोचर से 17 सितम्बर तक आपको धन कमाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। इस बीच पैसों को लेकर आपके हाथ कुछ बंधे नजर आयेंगे। आपको इस अशुभ स्थिति से बचने के लिये और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये मन्दिर में नारियल का दान करना चाहिए। इससे धन संबंधी परेशानियां दूर होंगी।

सिंह राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के पहले स्थान, यानि लग्न स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के पहले स्थान का संबंध आपके शरीर तथा मुख से है। सूर्य के इस गोचर के प्रभाव से समाज में अपना मान-सम्मान बनाये रखने के लिये भी आपको खुद हर काम में आगे आना होगा। इस दौरान आपकी संतान को न्यायालय से लाभ पाने में थोड़ी देर हो सकती है। तो सूर्यदेव की अशुभ स्थिति से बचने के लिये और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये 17 सितम्बर तक रोज सुबह स्नान आदि के बाद सूर्यदेव को जल चढ़ाएं, इससे आपकी स्थिति में सुधार आयेगा।

कन्या राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के बारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के बारहवें स्थान का संबंध शैय्या सुख से है और आपके खर्चों से है। सूर्य के इस गोचर से आपको शैय्या का सुख मिलेगा। सांसारिक चीज़ों में आपकी रुचि बढ़ेगी। साथ ही 17 सितम्बर तक आप अपने पैसों का बेहतर इस्तेमाल कर पायेंगे। तो सूर्यदेव की इस शुभ स्थिति का लाभ उठाने के लिये अगले 30 दिनों के दौरान सुबह के समय अपने घर के खिड़की-दरवाज़ों को खोलकर रखें, इससे सूर्यदेव की कृपा आपके घर-परिवार पर बनी रहेगी।

तुला राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के ग्यारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के ग्यारहवें स्थान का संबंध आपकी इनकम से है, आपकी कामना पूर्ति से है। सूर्य के इस गोचर से आपकी इनकम में कुछ खास बढ़त नहीं हो पायेगी। अगले 30 दिनों के दौरान आपको अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिये खुद से मेहनत करनी होगी। तो सूर्य की इस स्थिति में सुधार लाने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये रात को सोते समय अपने सिरहाने पर बादाम रखकर सोएं और अगले दिन उन्हें किसी मन्दिर या धर्मस्थल पर दान कर दें।

वृश्चिक राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के दसवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के दसवें स्थान का संबंध आपके करियर से है और जीवन में आपके पिता की तरक्की से है। सूर्य के इस गोचर से करियर में आपको अपनी मेहनत का उचित फल जरूर मिलेगा। करियर में आपकी तरक्की होगी। साथ ही आपके पिता को भी सफलता मिलती रहेगी। सूर्यदेव की शुभ स्थिति को बनाये रखने के लिये और किसी भी तरह की अशुभ स्थिति से बचने के लिये 17 सितम्बर तक अपने सिर पर सफेद या शरबती रंग की टोपी लगाकर रखें, इससे आपकी और आपके पिता की तरक्की सुनिश्चित होगी।

धनु राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के नवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के नवें स्थान का संबंध आपके भाग्य से, यानि आपके लक से है। सूर्य के इस गोचर से आपकी चांदी ही चांदी होगी। 17 सितम्बर तक आपके सारे काम समय रहते पूरे हो जायेंगे और आपको अपने हर कार्य में लाभ मिलेगा। सूर्य की इस अच्छी स्थिति को सुनिश्चित करने के लिये और अपने भाग्य का साथ बनाये रखने के लिये घर में पीतल के बर्तनों को उपयोग में लाएं, इससे आपकी लाभ की स्थिति बनी रहेगी।

मकर राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के आठवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के आठवें स्थान का संबंध आपकी आयु से है। सूर्य के इस गोचर से आपके स्वास्थ्य में कुछ उतार-चढ़ाव हो सकते हैं। अतः इस दौरान आपको अपने स्वास्थ्य का ख्याल जरूर रखना चाहिए। साथ ही सूर्य के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये अगले 30 दिनों के दौरान काली गाय या बड़े भाई की सेवा करें, इससे आपका स्वास्थ्य ठीक बना रहेगा।

कुंभ राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के सातवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के सातवें स्थान का संबंध आपके जीवनसाथी से है। सूर्य के इस गोचर से आपको अपने जीवनसाथी से पूरा सहयोग और प्यार मिलता रहेगा। जीवनसाथी के साथ आपके रिश्ते अच्छे बने रहेंगे। लिहाजा सूर्यदेव के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये 17 सितम्बर तक कोई भी कार्य शुरू करने से पहले संभव हो तो कुछ मीठा खाकर, पानी पीएं या केवल पानी पीएं, इससे जीवनसाथी का सहयोग बना रहेगा।

मीन राशि वालों पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सूर्यदेव आपकी जन्मपत्रिका के छठे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के छठे स्थान का संबंध आपके शत्रु, मित्र तथा स्वास्थ्य से है। सूर्य के इस गोचर से अगले 30 दिनों के दौरान कुछ नये और अच्छे लोगों से आपकी मुलाकात हो सकती है। हालांकि इस बीच आपका शत्रु भी आपके खिलाफ जाने की कोशिश कर सकता है, लेकिन वह सिर्फ कोशिशों तक ही सीमित रहेगा, आपका कुछ बिगाड़ नहीं पायेगा। तो सूर्यदेव की शुभ स्थिति सुनिश्चित करने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये बन्दर को गुड़ खिलाएं, इससे आपके शत्रु आपका कुछ नहीं बिगाड़ पायेंगे और मित्रों का सहयोग आपको मिलता रहेगा।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

यह भी पढ़ें:

नाग पंचमी पर शुभ योग और सावन सोमवार का दुर्लभ संयोग, इस मुहूर्त में करें नाग पूजन, चमक उठेगी सोई हुई किस्मत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।