Wednesday, February 25, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Eng Vs Ind: इयोन मोर्गन ने कहा, कुलदीप ने हमें पूरी तरह छका दिया

Eng Vs Ind: इयोन मोर्गन ने कहा, कुलदीप ने हमें पूरी तरह छका दिया

Edited by: India TV Sports Desk Published : Jul 04, 2018 01:15 pm IST, Updated : Jul 04, 2018 01:15 pm IST

मोर्गन ने कहा कि अगर मेजबान टीम को भारत को सीरीज में कड़ी टक्कर देनी है तो बाकी मैचों में मेहमान टीम के कलाई के स्पिनरों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना होगा। 

कुलदीप यादव- India TV Hindi
कुलदीप यादव

मैनचेस्टर: इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने माना कि पहले टी20 मैच में कुलदीप यादव ने उनके बल्लेबाजों को पूरी तरह से छका दिया। मोर्गन ने साथ ही कहा कि अगर मेजबान टीम को भारत को सीरीज में कड़ी टक्कर देनी है तो बाकी मैचों में मेहमान टीम के कलाई के स्पिनरों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना होगा। 

ओल्ड ट्रैफर्ड में कल रात हुए मैच में कुलदीप ने 24 रन देकर पांच विकेट चटकाए जिससे इंग्लैंड की टीम आठ विकेट पर 159 रन ही बना सकी। कुलदीप ने अपने तीसरे ओवर में मोर्गन (07), जानी बेयरस्टा (00) और जो रूट (00) को पवेलियन भेजा जिससे 10 ओवर में बाद एक विकेट पर 95 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में दिख रही इंग्लैंड की टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच पाई। 

भारत ने इसके जवाब में आठ विकेट की जीत के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। मोर्गन ने कहा,‘‘बेंगलुरू (जब फरवरी 2017 में युजवेंद्र चहल ने 25 रन देकर छह विकेट लिए) में हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। लेकिन वह अलग मैच था। आज का मैच अलग था। कुलदीप ने चार गेंद में तीन विकेट चटकाए और हमें छकाया। ऐसा नहीं था कि हम शाट हवा में खेल गए हों। उसने हमें पूरी तरह से छका दिया और मुझे लगता है कि उसने अच्छी गेंदबाजी की।’’ 

उन्होंने कहा,‘‘हमने 30 से 40 रन कम बनाए। मुझे लगता है कि हमारी शुरुआत शानदार थी। कुलदीप ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन हमें पता है कि हम उसका सामना इससे बेहतर कर सकते हैं। अगले मैच से पहले हमें अपनी योजना का आकलन करना होगा और सुनिश्चित करना होगा कि योजना सही हो और हम इस पर कायम रहें।’’ 

मोर्गन ने अपने बल्लेबाजों से कहा कि वह जोस बटलर से सबक लें जिन्होंने स्पिनरों का सामना काफी अच्छी तरह किया। 

भारत ने मैच में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। लोकेश राहुल ने 54 गेंद में नाबाद 101 रन की पारी खेलकर भारत को आसान जीत दिलाई। मोर्गन को हालांकि मलाल है कि उनकी टीम मुश्किल मौकों को भुनाने में विफल रही। 

उन्होंने कहा,‘‘उन्होंने हमारे स्पिनरों को ज्यादा मौके नहीं दिए। अगर हम मुश्किल मौकों को भुना लेते तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था। जैसे क्रिस जोर्डन ने बाउंड्री पर कैच छोड़ा या अगर पारी की शुरुआत में राहुल का प्वाइंट पर कैच पकड़ लिया जाता। तो यह मैच पूरी तरह से अलग होता।’’ 

उन्होंने कहा,‘‘वह (राहुल) काफी अच्छा खेला और मुझे नहीं लगता कि जितनी आसान बल्लेबाजी उसे आज लग रही थी उससे आसान किसी और को लगेगी।’’ 

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement