इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के तीसरे दिन ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने टेस्ट में अपना 8वां शतक लगाया। वहीं विदेशी धरती पर रोहित का टेस्ट फॉर्मेट में यह पहला शतक था। इससे पहले वह टेस्ट फॉर्मेट में विदेशी धरती पर शतक नहीं लगा पाए थे।
इसके बावजूद उनके नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया जिसे वह याद नहीं रखना चाहेंगे। दरअसल टेस्ट में रोहित शर्मा का यह सबसे धीमा शतक था। उन्होंने अपने शतक को पूरा करने के लिए कुल 204 गेंदों का सामना किया। इससे पहले वह साल 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 194 गेंद खेलकर अपना शतक पूरा किया था।
यह भी पढ़ें- Ind vs Eng : रोहित शर्मा ने धमाकेदार अंदाज में जड़ा टेस्ट क्रिकेट में अपना 8वां शतक
इसके साथ ही रोहित इंग्लैंड के खिलाफ तीनों फॉर्मेट को मिलाकर सबसे अधिक शतक लगाने के मामले में पूर्व भारतीय दिग्गज राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया है। रोहित का इंग्लैंड के खिलाफ यह 9वां इंटरनेशनल शतक है। रोहित से पहले यह रिकॉर्ड द्रविड़ के नाम था जिन्होंने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर कुल 8 शतक लगाए हैं।
इसके अलावा भी रोहित ने इस मैच में कई और अन्य उपलब्धियां हासिल की है। रोहित ओपनर बल्लेबाज के तौर पर अपने 11,000 इंटरनेशनल रन पूरे किए। वहीं इंटनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में वह 15,000 रन के आंकड़े को भी पार किया।
यह भी पढ़ें- पैरालंपिक: निशानेबाज नरवाल और शटलर भगत के स्वर्ण पदकों से भारत तालिका में 26वें स्थान पर
वहीं मैच की बात करें तो खेल के तीसरे दिन को खराब रौशनी के कारण समय से पहले समाप्त कर दिया गया। दिन समाप्ति की घोषणा तक भारत ने तीन विकेट खोकर 270 रन बना लिए हैं। इस तरह भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में मेजबान इंग्लैंड पर 171 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
इससे पहले इंग्लैंड भारत को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। भारत ने अपनी पहली पारी में 191 रन बनाए थे जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 290 रन बनाकर 99 रनों की बढ़त हासिल की थी।