1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG : जो रूट के शतक का भारत की हार से क्या है कनेक्शन, सामने आई दिलचस्प बात

IND vs ENG : जो रूट के शतक का भारत की हार से क्या है कनेक्शन, सामने आई दिलचस्प बात

 Reported By: IANS
 Published : Feb 06, 2021 12:30 pm IST,  Updated : Feb 06, 2021 12:30 pm IST

पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में ही रूट ने शतकीय पारी के दम पर टीम इंडिया को बैकफुट पर ला दिया है। कोहली एंड कंपनी को यहां रूट के शतक के साथ जुड़े एक खास रिकॉर्ड से भी सावधान रहना होगा।

Joe Root - India TV Hindi
Joe Root  Image Source : GETTY

चेन्नई| चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में अपना 100वां टेस्ट खेल रहे इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट ने 156 रनों की नाबाद शतकीय पारी और बेन स्टोक्स (नाबाद 63) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 92 रनों की बेहतरीन साझेदारी कर अपनी टीम को मेजबान भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन लंच तक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इग्लैंड ने लंच तक तीन विकेट पर 355 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड ने अपने कल के स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 263 रनों से आगे खेलना शुरू किया और रूट ने दूसरे दिन पहले सत्र में 150 रनों का स्कोर पार किया। रूट के टेस्ट करियर का यह अब तक का 20वां और इस साल का तीसरा शतक है, जबकि भारत के खिलाफ ये उनका पांचवां शतक है।

शानदार फॉर्म में चल रहे रूट को भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा माना जा रहा है और पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में ही उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दम पर टीम इंडिया को बैकफुट पर ला दिया है। कोहली एंड कंपनी को यहां रूट के शतक के साथ जुड़े एक खास रिकॉर्ड से भी सावधान रहना होगा।

भारत के खिलाफ रूट ने जब भी टेस्ट मैच में शतकीय पारी खेली है, उस मैच में टीम इंडिया के हिस्से जीत नहीं आई है। सीरीज में बढ़त बनाने और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से भारत चेन्नई में इस मिथक को जरूर तोड़ना चाहेगा।

ये भी पढ़े - जब टेनिस के मैदान में क्रिकेट खेल इस चैम्पियन खिलाड़ी ने सभी को चौंकाया, देखें Video

रूट का भारत के खिलाफ शतक लगाने और उस मैच में इंग्लैंड के अजेय रहने का सिलसिला जुलाई, 2014 में शुरू हुआ था। तब रूट ने नाबाद 154 की पारी खेली थी और ये मैच बेनतीजा रहा था।

अगस्त, 2014 में ओवल में खेले गए टेस्ट में रूट ने नाबाद 149 रनों की दमदार पारी खेली और इंग्लैंड को पारी और 244 रनों की बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। रूट ने भारत के खिलाफ तीसरा शतक (124 रन ) राजकोट के मैदान पर नवंबर, 2016 में जड़ा था और ये मैच बेनतीजा रहा था।

रूट की एक और शतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड ने भारत को सितंबर, 2018 में ओवल में खेले गए टेस्ट मैच में 118 रनों से हरा दिया था। ऐसे में चेन्नई टेस्ट के पहले दिन ही रूट की शतकीय पारी ने भारतीय खेमे को अलर्ट जरूर कर दिया होगा।

ये भी पढ़े -  IND vs ENG : अश्विन की गेंद पर छक्का जड़ते ही ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने स्टोक्स, देखें Video 

रूट अपना लगातार तीसरा शतक जड़ चुके हैं और अभी वह पहले टेस्ट की अपनी पहली पारी में 156 रनों पर नाबाद है। रूट के पास दोहरा शतक लगाने का मौका है और इंग्लैंड 500 से पार जाता दिख रहा है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल