1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रांची टेस्ट, डे4, लंच: पुजारा, साहा ने मैच में उम्मीदें जगाईं

रांची टेस्ट, डे4, लंच: पुजारा, साहा ने मैच में उम्मीदें जगाईं

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Mar 19, 2017 12:04 pm IST,  Updated : Mar 19, 2017 01:21 pm IST

रांची: ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ के तीसरे मैच के चौथे दिन लंच तक भारत ने छह विकेट खोकर 435 रन बना लिए हैं और वह मेहमान टीम के पहली पारी के स्कोर से अब

Saha Pujara- India TV Hindi
Saha Pujara

रांची: ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ के तीसरे मैच के चौथे दिन लंच तक भारत ने छह विकेट खोकर 435 रन बना लिए हैं और वह मेहमान टीम के पहली पारी के स्कोर से अब सिर्फ 16 रन पीछे है। पुजारा और साहा के बीच 107 रन की साझेदारी हो चुकी है और एक समय जो मैच ड्रॉ की तरफ बढ़ता नज़र आ रहा था, वो अब भारत की तरफ झुकता दिख रहा है। लंच के समय पुजारा 165 और साहा 59 बनाकर खेल रहे थे।

भारत ने आज कल के स्कोर 6 विकेट पर 360 रन के आगे खेलना शुरु किया। पुजारा ने 150 रन पूरे करके अपने करिअर में पांचवी बार 150 का आंकड़ा पार किया। बॉलों का सामना करने के लिहाज़ से ये पुजारा की सबसे लंबी पारी है। पुजारा ने इससे पहले मुरली विजय (82) के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी भी की थी। इन्हीं दो साझेदारियों के दम पर भारत, आस्ट्रेलिया के बड़े स्कोर का मजबूत जवाब देने में अभी तक सफल रहा है।

साहा-पुजारा की जोड़ी ने तीसरे दिन शनिवार को आखिरी सत्र में मैदान पर कदम रखा था। भारत ने तीसरे दिन की समाप्ति छह विकेट के नुकसान पर 360 रनों पर की थी। उसी स्कोर से आगे खेलने उतरी मेजबान टीम को चौथे दिन साहा और पुजारा ने और मजबूती प्रदान की। 

आस्ट्रेलिया इस कोशिश में था कि वह पहले सत्र में भारत के बाकी चार विकेट जल्दी चटका देगा, लेकिन साहा और पुजारा ने उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया। इस जोड़ी ने चौथे दिन के पहले सत्र में 75 रन जोड़े। 

हालांकि दिन के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर अंपायर ने साहा को पगबाधा करार दे दिया था, लेकिन साहा द्वारा रिव्यू लेने के बाद उन्हें अपना फैसला बदलना पड़ा। 

पुजारा को भी एक जीवनदान मिला। 150वें ओवर में स्टीव ओकीफ की गेंद ने पुजारा के बल्ले का बाहरी किनारा लिया, लेकिन विकेटकीपर मैथ्यू वेड उसे पकड़ नहीं पाए और गेंद वेड के पैड से टकरा कर चली गई। इससे पहले 149वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर पुजारा ने अपने 150 रन पूरे किए। वह पांचवीं बार 150 का आंकड़ा छूने में सफल हुए हैं।

इसके पहले कल तीसरे दिन  चेतेश्वर पुजारा (130 नॉटआउट) ने अपनी जुझारू पारी के दम पर खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को मैच में बनाए रखा। ऑस्ट्रेलिया के 451 रनों के विशाल स्कोर के सामने भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 360 रन बनाए थे। भारत, ऑस्ट्रेलिया से कल 91 रन पीछे था। स्टम्प्स होने पर पुजारा के साथ रिद्धिमान साहा 18 रन पर नाबाद लौटे थे। पुजारा के अलावा लोकेश राहुल (67) और मुरली विजय (82) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल