1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इमाम के शतक के बावजूद हारा पाकिस्तान, डकवर्थ लुइस नियम से 13 रन से जीता दक्षिण अफ्रीका

इमाम के शतक के बावजूद हारा पाकिस्तान, डकवर्थ लुइस नियम से 13 रन से जीता दक्षिण अफ्रीका

 Reported By: IANS
 Published : Jan 26, 2019 12:31 pm IST,  Updated : Jan 26, 2019 12:31 pm IST

इस जीत से दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। 

इमाम के शतक के बावजूद...- India TV Hindi
इमाम के शतक के बावजूद हारा पाकिस्तान, डकवर्थ लुइस नियम से 13 रन से जीता दक्षिण अफ्रीका  Image Source : AP

सेंचुरियन: इमाम उल हक के शतक के बावजूद पाकिस्तान को बारिश से प्रभावित तीसरे वनडे क्रिकेट मैच में शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डकवर्थ लुईस नियम के तहत 13 रन से हार का सामना करना पड़ा। इमाम के 101 रन की बदौलत पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 317 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पारी के दौरान दो बार बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा और मेजबान टीम ने 13 रन से जीत दर्ज की। 

दूसरी बार खेल रुकने पर दोबारा शुरू नहीं हो सका। इस समय दक्षिण अफ्रीका ने 33 ओवर में दो विकेट पर 187 रन बनाए थे जबकि डकवर्थ लुईस के तहत बराबरी का स्कोर 174 रन था। रेजा हेनड्रिक्स ने नाबाद 83 जबकि कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने नाबाद 40 रन बनाए। 

इमाम ने 19वें वनडे मैच में पांचवां शतक जड़कर आलोचकों को करारा जवाब दिया। उन्होंने पारी का आगाज करते हुए 116 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके मारे। बाबर आजम (69) और मोहम्मद हफीज (52) ने भी अर्धशतक जड़े। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 108 रन की अटूट साझेदारी भी की। 

दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेल स्टेन ने 43 जबकि कागिसो रबादा ने 57 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। 

इस जीत से दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल