1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Womens T20 World Cup : हरमनप्रीत कौर के शब्दों ने मुझे अच्छा प्रदर्शन करने के लिये प्रेरित किया - पूनम यादव

Womens T20 World Cup : हरमनप्रीत कौर के शब्दों ने मुझे अच्छा प्रदर्शन करने के लिये प्रेरित किया - पूनम यादव

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 07, 2020 02:47 pm IST,  Updated : Mar 07, 2020 02:47 pm IST

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टूर्नामेंट के उदघाटन मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर के शब्दों ने पूनम यादव को अच्छा प्रदर्शन करने के लिये प्रेरित किया।  

Womens T20 World Cup: Harmanpreet Kaur's words inspire me to do well - Poonam Yadav- India TV Hindi
Womens T20 World Cup: Harmanpreet Kaur's words inspire me to do well - Poonam Yadav Image Source : GETTY IMAGES

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टूर्नामेंट के उदघाटन मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर के शब्दों ने पूनम यादव को अच्छा प्रदर्शन करने के लिये प्रेरित किया।  इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और भारत को पहली बार आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभायी। इस 28 वर्षीय स्पिनर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उस मैच में चार विकेट लिये। वह अभी टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। 

आईसीसी वेबसाइट के अनुसार पूनम ने कहा,‘‘जब पहले ओवर में मेरी गेंद पर छक्का लगा तो वह (हरमनप्रीत) मेरे पास आयी और उसने कहा,"पूनम तुम टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ी हो और हमें तुमसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के शब्दों ने मुझे अच्छा प्रदर्शन करने के लिये उत्साहित किया। मैंने खुद से कहा कि मेरी कप्तान का मुझ पर इतना अधिक भरोसा है और मुझे वापसी करनी चाहिए। मैंने अगली गेंद पर विकेट लिया और उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा।’’

टी20 क्रिकेट में भारत की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने वाली पूनम इससे पहले उंगली में चोट के कारण त्रिकोणीय श्रृंखला में नहीं खेल पायी थी।

उन्होंने कहा,‘‘मैं त्रिकोणीय श्रृंखला में नहीं खेल पायी थी इसलिए चयनकर्ताओं का आभार जो उन्होंने मुझ पर भरोसा दिखाया। जब मैं बाहर थी तो मैंने विश्व कप में मिलने वाली चुनौती को ध्यान में रखकर कड़ी मेहनत की थी। मैंने आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की खिलाड़ियों के कई वीडियो देखकर उनकी कमजोरियों का पता लगाया था।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल