1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World Cup 2019: पाकिस्तान के खिलाफ खेली 57 रन की पारी को केएल राहुल ने 10 में से दिए इतने नंबर

World Cup 2019: पाकिस्तान के खिलाफ खेली 57 रन की पारी को केएल राहुल ने 10 में से दिए इतने नंबर

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 18, 2019 10:39 am IST,  Updated : Jun 18, 2019 10:39 am IST

पारी का आगाज करने वाले लोकेश राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने प्रदर्शन को 10 में से छह अंक देते हुए कहा कि चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के साथ धैर्यपूर्ण अर्धशतक के बाद उनके प्रदर्शन में सुधार ही होगा।

World Cup 2019: पाकिस्तान के...- India TV Hindi
World Cup 2019: पाकिस्तान के खिलाफ खेली 57 रन की पारी को केएल राहुल ने 10 में से दिए इतने नंबर  Image Source : GETTY IMAGES

मैनचेस्टर। पारी का आगाज करने वाले लोकेश राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने प्रदर्शन को 10 में से छह अंक देते हुए कहा कि चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के साथ धैर्यपूर्ण अर्धशतक के बाद उनके प्रदर्शन में सुधार ही होगा।

अंगूठे में हेयरलाइन फ्रेक्चर के कारण शिखर धवन के बाहर होने के कारण राहुल को रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करने का मौका मिला। यह पाकिस्तान के खिलाफ राहुल का पहला मैच था। राहुल ने 78 गेंद में 57 रन की पारी खेली और रोहित के साथ पहले विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी की।

राहुल ने कहा, ‘‘शिखर और रोहित पिछले तीन या चार साल में काफी खतरनाक जोड़ी बने हैं। दुनिया भर में उन्होंने साझेदारियां की हैं, वे देश के लिए इतना अच्छा खेले हैं और पहले और दूसरे स्थान पर खेलने के हकदार हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे मेरे मौके के लिए इंतजार करना होगा और मुझे खुशी है कि मुझे शीर्ष तीन में बल्लेबाजी का मौका मिला। यह पाकिस्तान के खिलाफ मेरा पहला अंतरराष्ट्रीय मैच था और यह विश्व कप में हुआ इसलिए मैं इससे बड़े या बेहतर की उम्मीद नहीं कर सकता था।’’

राहुल ने कहा, ‘‘युवा क्रिकेटर के रूप में बढ़ते हुए आप ऐसा करने का सपना देखते हो। मैं बेहद खुश हूं कि मुझे मौका मिला और मैं खुद को 10 में से छह अंक देता हूं। उम्मीद करता हूं कि मैं इस आत्मविश्वास को आगे बढ़ाऊंगा और बेहतर बनूंगा।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल