कोलकाता: वर्ल्ड T-20 क्रिकेट में पाकिस्तान के शामिल होने की अटकलों पर आखिरकार विराम लगाते हुए इस प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने की खातिर पाक क्रिकेट टीम का 27 सदस्यीय दल कोलकाता पहुंच गया है। पाक क्रिकेट टीम अबु धाबी होते हुए कोलकाता पहुंची।
इससे पहले ICC प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की खातिर भारत रवाना होने के लिए पाकिस्तान सरकार द्वारा पीसीबी को हरी झंडी देने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 15 खिलाडि़यों, 12 अधिकारियों और सहायक कर्मियों का यह पाकिस्तानी दस्ता अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पहुंचा और विमान में सवार हुआ।
अबुधाबी में लंबे समय तक रूकने के कारण पाकिस्तानी दल आज देर शाम कोलकाता पहुंचा। भारत रवाना होने से पहले मुख्य कोच वकार यूनुस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर टीम में एकजुटता का आह्वान करते हुए एक संदेश पोस्ट किया था। खिलाडि़यौं में जोश भरने के लिए उन्होंने ट्वीट किया था, एक साथ आइये, हम यह कर सकते हैं।
उन्होंने मीडिया को बताया था कि अनिश्चितता और सुरक्षा के मसले के कारण टीम की भारत रवानगी की प्रक्रिया प्रभावित हुई, हालांकि इस वक्त खिलाडि़यों का ध्यान सिर्फ क्रिकेट और इस विश्व प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन पर होगा। उन्होंने कहा, हमें मालूम है कि भारत में हमारी बेहतर खातिरदारी होगी क्योंकि कई सारे खिलाड़ी और अधिकारी यहां पहले भी आ चुके हैं।