1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 18 महीने बाद वेस्टइंडीज ए के खिलाफ टेस्ट मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे रिद्धिमान साहा

18 महीने बाद वेस्टइंडीज ए के खिलाफ टेस्ट मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे रिद्धिमान साहा

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 23, 2019 08:28 pm IST,  Updated : Jul 23, 2019 08:28 pm IST

करियर प्रभावित करने वाली कंधे की चोट से उबरने के बाद भारतीय विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा भारत ए की तरफ से वेस्टइंडीज ए के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रहे अनौपचारिक टेस्ट मैच से 18 महीने बाद प्रथम श्रेणी मैचों में वापसी करेंगे।

रिद्धिमान साहा- India TV Hindi
रिद्धिमान साहा Image Source : GETTY IMAGES

नार्थ साउंड। करियर प्रभावित करने वाली कंधे की चोट से उबरने के बाद भारतीय विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा भारत ए की तरफ से वेस्टइंडीज ए के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रहे अनौपचारिक टेस्ट मैच से 18 महीने बाद प्रथम श्रेणी मैचों में वापसी करेंगे। भारत ए टीम में दो टेस्ट विशेषज्ञों साहा और हनुमा विहारी को शामिल किया गया है ताकि वे अगस्त के आखिरी में शुरू हो रहे दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए तैयारी कर सके। 

साहा तीन महीने में 35 साल के हो जाएंगे और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में उपचार के दौरान गलत देख-रेख के कारण उनकी चोट काफी गंभीर हो गयी थी। फिट होने के बाद लगभग 35 साल के इस खिलाड़ी के लिए वापसी करना काफी मुश्किल होगा। 

करियर के ज्यादातर समय में महेन्द्र सिंह धोनी के दमदार खेल के कारण टीम से बाहर रहने वाले साहा को आईपीएल के दौरान चोट लगी थी जिसके बाद राष्ट्रीय टीम में ऋषभ पंत को मौका मिला और उसने इंग्लैंड के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाकर टीम में अपना दावा मजबूत कर लिया है। ऐसे में साहा एक बार फिर सहायक की भूमिका में दिख सकते हैं। 

जानकार इस बात को अभी तक पचा नहीं पा रहे है कि जिस चोट से लोकेश राहुल दो महीने में उबर गये, साहा को उससे उबरने में एक साल से अधिक का समय क्यों लगा। 

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा,‘‘केएस भरत भारतीय टीम में जगह बनाने से चूक गये। साहा 18 महीने में पहली बार पूरे दिन या 120 ओवर तक विकेटकीपिंग करेंगे। उसके बाद उन्हें बल्लेबाजी भी करनी होगी। एनसीए में उनकी उपचार के बाद देखरेख ठीक तरीके से नहीं हुई जिसके बाद सर्जरी की जरूरत पड़ी। यह देखना होगा की वह कैसा प्रदर्शन करते है।’’ 

विहारी भी बड़ी पारी खेल कर सीनियर टीम के मध्यक्रम में अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे। सलामी बल्लेबाजों में गुजरात के प्रियांक पंचाल और बंगाल के अभिमन्यू ईश्वरन भी अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे। उनके बेहतर प्रदर्शन से इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया में औसत प्रदर्शन करने वाले लोकेश राहुल पर दबाव रहेगा। 

भरत को श्रृंखला के तीसरे मैच में मौका मिलने की संभावना है। 

पहले और दूसरे चार दिवसीय मैच के लिए भारत ए टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांक पांचाल, अभिमन्यु ईश्वरन, शुभमन गिल, हनुमा विहारी, शिवम दुबे, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), के गौतम, एस नदीम, मयंक मार्कंडेय, नवदीप सैनी, मोहम्मद सिराज, शारदुल ठाकुर, अवेश खान।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल