11 जून से साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा। इस मैच से पहले साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने अपने टीम के बल्लेबाजों को अहम सलाह दी है। उनका मानना है कि अगर बल्लेबाजों को लॉर्ड्स में लंबी पारी खेलनी है तो उन्हें गेंदबाजों का सम्मान करना होगा। आपको बता दें कि साउथ अफ्रीका की टीम पहली बार WTC फाइनल में अपनी जगह बनाई है तो वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी बार WTC फाइनल खेलेगी।
एबी डिविलियर्स ने साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों को दी खास सलाह
स्टार स्पोर्ट्स के हवाले से एबी डिविलियर्स ने कहा कि लॉर्ड्स में बैटिंग करना थोड़ा मुश्किल है। अन्य मैदानों की तुलना में इस मैदान पर गेंद ज्यादा समय तक स्विंग करती है। आप कभी भी सेटल नहीं हो सकते। उन्होंने बल्लेबाजों को ये सलाह दी है कि उन्हें गेंदबाजों का सम्मान करना चाहिए, चाहे ये ये पहला ओवर हो या 67वां ओवर। बल्लेबाज के तौर पर आप कभी भी सेटल नहीं हो, इसलिए खेल का सम्मान करो।
पूर्व अफ्रीकी दिग्गज ने आगे कहा कि लॉर्ड्स में एक तेज गेंदबाज के तौर पर आप अधिक से अधिक फुल लेंथ गेंदबाजी करना चाहते हैं और परिस्थितियों का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की कोशिश करना चाहते हैं। तेज गेंदबाजों के लिए हमेशा थोड़ी सीम मूवमेंट होती है। इसलिए डिविलियर्स ने अफ्रीकी गेंदबाजों से कहा है कि वह अधिक से अधिक फुल लेंथ गेंदबाजी करें।
टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रही है साउथ अफ्रीकी टीम
टेम्बा बावुमा की अगुवाई वाली टीम वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान पर लगातार सात जीत के साथ 2023-25 डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रही और 69.44 प्रतिशत अंक लेकर फाइनल में जगह बनाई। साउथेम्प्टन (2021) में रोज बाउल और लंदन (2023) में 'द ओवल' के बाद अब लॉर्ड्स वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी करने वाला इंग्लैंड का तीसरा स्टेडियम बन जाएगा। ऑस्ट्रेलिया इस वक्त डिफेंडिंग चैंपियन है, उन्होंने 2023 के WTC फाइनल में भारत को हराया था। अब इस WTC फाइनल में कौन सी टीम बाजी मारती है ये देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें
सगाई के बाद रिंकू सिंह और प्रिया सरोज का पहला रिएक्शन आया सामने, इतने दिनों से था खास पल का इंतजार