जसप्रीत बुमराह की मैदान पर वापसी को लेकर भारतीय क्रिकेट फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसमें 22 मार्च से शुरू होने वाले आगामी आईपीएल सीजन में वह गेंदबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं, लेकिन बुमराह कब खेलना शुरू करेंगे इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। जसप्रीत बुमराह ने इस साल की शुरुआत में खत्म हुए ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर खेले गए आखिरी टेस्ट मैच में कंगारू टीम की पहली पारी के दौरान पीठ में दर्द की समस्या होने की वजह से फिर उस मुकाबले में आगे गेंदबाजी नहीं की थी, जिसके बाद से वह अब तक मैदान पर वापसी करने में कामयाब नहीं हो सके हैं। बुमराह को लेकर अब न्यूजीलैंड टीम के पूर्व खिलाड़ी और दिग्गज तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड ने अपने एक बयान से बड़ा दावा किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि यदि बुमराह को फिर से उसी जगह चोट लगती है जहां उनकी सर्जरी हुई है तो इससे उनका करियर भी खत्म हो सकता है।
बुमराह के वर्कलोड को मैनेज करना जरूरी
शेन बॉन्ड ने जसप्रीत बुमराह को लेकर ईएसपीएन क्रिकइंफो पर दिए अपने बयान में कहा कि जब सिडनी टेस्ट के बीच में अपनी पीठ का स्कैन कराने के लिए गए थे तो उस समय ऐसी खबरें सामने आईं थी कि उसे मोच के अलावा अन्य इसी तरह की दिक्कत है। मुझे चिंता थी कि ये मोच नहीं होगी यह उस एरिया के आसपास की हड्डी की चोट हो सकती है। उस समय मुझे लगा कि यदि ऐसा होता है तो उसके लिए चैंपियंस ट्रॉफी में खेलना काफी मुश्किल हो जाएगा। मुझे लगता है कि वह इससे पूरी तरह ठीक हो जाएंगे, लेकिन उनका करियर आगे किस तरह से बढ़ेगा ये मैनेजमेंट पर काफी कुछ निर्भर रहने वाला है क्योंकि उनके वर्कलोड को मैनेज किया जाना बेहद जरूरी है। उसके आगे के शेड्यूल को देखते हुए मुझे थोड़ी चिंता जरूर हो रही है, आईपीएल के खत्म होने के ठीक बाद टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है, ऐसे में बुमराह के पास आराम का समय कहां है।
टी20 से टेस्ट में जाना काफी मुश्किल होता है
बुमराह को शेन बॉन्ड ने आगे कहा कि जब आप टी20 क्रिकेट खेल रहे होते हैं और उसके ठीक बाद आप टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए जाते हैं तो आपके लिए चीजें आसान नहीं होती हैं। मैनेजमेंट को बेहतर तरीके से सोचना होगा ताकि बुमराह का करियर बढ़ा हो सके। हर खिलाड़ी खेलने के लिए बेताब होता है, लेकिन आपको समझना होगा कि कुछ निश्चित समय में जोखिम से खुद को बचाते हैं, जिससे आपका करियर लंबा चलता है। आप उसे इंग्लैंड ले जाते हैं और वह फिट भी है लेकिन टी20 के ठीक बाद टेस्ट मैच खेलना बिल्कुल भी आसान नहीं होता है। वह आपका मैच विनर गेंदबाज हैं और यदि वह चोटिल होता है तो ये आपके लिए काफी बड़ा झटका होगा।
ये भी पढ़ें
न्यूजीलैंड दौरे से पहले पाकिस्तान टीम के लिए आई राहत भरी खबर, कोच ने लिया बड़ा फैसला
IPL 2025: शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे ये खिलाड़ी, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह का भी नाम