1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बल्ले से बवाल काटने के बाद अब गेंद से भी अर्जुन का कहर! रफ्तार के आगे ढेर हुए ये नामी बल्लेबाज

बल्ले से बवाल काटने के बाद अब गेंद से भी अर्जुन का कहर! रफ्तार के आगे ढेर हुए ये नामी बल्लेबाज

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Dec 15, 2022 08:05 pm IST,  Updated : Dec 15, 2022 08:05 pm IST

रणजी ट्रॉफी में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

Arjun Tendulkar Bowling- India TV Hindi
Arjun Tendulkar Bowling Image Source : TWITTER

Ranji Trophy 2022: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने अब घरेलू क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ना शुरू कर दिया है। पिछले साल मुंबई छोड़ गोवा की टीम के साथ जुड़े अर्जुन ने सैयद मुश्ताक अली और विजय हजारे ट्रॉफी में जलवा दिखाने के बाद अब रणजी ट्रॉफी के डेब्यू में शतक लगाकर तहलका मचा दिया है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में अपना डेब्यू मैच खेलते हुए राजस्थान के खिलाफ 207 गेंदों पर 120 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी में 16 चौके और दो छक्के शामिल थे। अब अर्जुन ने गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन कर दिखाया है।

अर्जुन गेंद से भी कर रहे कमाल

 पोरवोरिम में अपने डेब्यू मैच में शतक जड़कर अपने महान बल्लेबाज पिता सचिन तेंदुलकर की बराबरी करने वाले अर्जुन ने राजस्थान के खिलाफ तीसरे दिन 77 रन देकर दो विकेट चटकाए। अर्जुन ने महिपाल लोमरोर (63) और सलमान खान (40) को आउट किया। मोहित रेडकर ने भी 46 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

मुश्किल में राजस्थान की टीम

राजस्थान की टीम ने पहली पारी में 245 रन पर 6 विकेट गंवा दिए हैं और टीम अब भी गोवा से 302 रन से पीछे है। गोवा ने पहली पारी नौ विकेट पर 547 रन बनाकर घोषित की थी। वहीं बेंगलुरू में कर्नाटक ने सेना के खिलाफ पहली पारी के आधार पर महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। कर्नाटक के 304 रन के जवाब में सेना की टीम रजत पालीवाल (124) और रवि चौहान (56) के शतक के बावजूद 261 रन ही बना सकी जिससे मेजबान टीम ने 43 रन की बढ़त हासिल की। कर्नाटक की ओर से वी कावेरप्पा ने 64 रन पर चार जबकि रोनित मोरे ने 54 रन पर तीन विकेट चटकाए। कर्नाटक ने दूसरी पारी में बिना विकेट के 90 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त को 133 रन तक पहुंचाया। मयंक अग्रवाल 47 जबकि रविकुमार समर्थ 40 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

ईशान ने भी ठोका शतक

ईशान किशान ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दूसरे मैच में दूसरा शतक जड़ा जिससे झारखंड ने गुरुवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच में केरल के खिलाफ वापसी की लेकिन मेहमान टीम को पहली पारी में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने से नहीं रोक पाई। बांग्लादेश के खिलाफ सबसे तेज वनडे अंतरराष्ट्रीय दोहरा शतक जड़ने के एक हफ्ते से भी कम समय में किशन ने 195 गेंद में नौ चौकों की मदद से 132 रन की पारी खेली जिससे झारखंड की टीम चार विकेट पर 114 रन से उबरते हुए 340 रन बनाने में सफल रही।

सौरभ तिवारी ने किशन का अच्छा साथ निभाते हुए जलज सक्सेना की गेंद पर बोल्ड होने से पहले 97 रन बनाए। दोनों ने पांचवें विकेट के लए 202 रन की साझेदारी की। पहली पारी में 475 रन बनाने वाले केरल ने 135 रन की बढ़त हासिल की। टीम की ओर से सक्सेना ने 75 रन देकर पांच, बासिल थंपी ने 55 रन पर तीन जबकि वैशाख चंद्रन ने 81 रन देकर दो विकेट चटकाए। केरल ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 60 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त को 195 रन तक पहुंचाया।

Input- भाषा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल