1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL ऑक्शन में करोड़ों में बिकने वाले गेंदबाज ने ठोका तूफानी शतक, 8वें नंबर पर बैटिंग कर टीम को दिलाई जीत

IPL ऑक्शन में करोड़ों में बिकने वाले गेंदबाज ने ठोका तूफानी शतक, 8वें नंबर पर बैटिंग कर टीम को दिलाई जीत

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 08, 2026 06:13 pm IST,  Updated : Jan 08, 2026 06:13 pm IST

IPL ऑक्शन से सुर्खियों में आए जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज ने तूफानी शतक ठोककर तहलका मचा दिया। टीम के 90 रन पर 7 विकेट गिरने के बाद बैटिंग करने आए गेंदबाज ने नाबाद 118 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

Auqib Nabi- India TV Hindi
आकिब नबी Image Source : PTI

Auqib Nabi Century In Vijay Hazare Trophy: IPL 2026 के ऑक्शन का पिछले महीने अबू धाबी आयोजन हुआ था, जिसमें कई गुमनाम खिलाड़ियों पर करोड़ों रुपये की बारिश हुई थी। आकिब नबी ऐसे ही खुशकिस्मत खिलाड़ी रहे, जिन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 8 करोड़ 40 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि देकर अपनी टीम में शामिल किया था। वैसे तो जम्मू-कश्मीर के आकिब को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए जाना जाता है लेकिन वह मौका मिलने पर विस्फोटक बल्लेबाजी करने की काबिलियत रखते हैं। यही वजह है कि उन्हें ऑक्शन में इतनी बड़ी रकम मिली। IPL ऑक्शन में करोड़पति बनने के बाद आकिब ने सभी की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए बड़ा कमाल कर दिया है। हालांकि, उन्होंने इस बार गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी बड़ा धमाका कर दिया है।

गेंदबाज ने बल्ले से बरपाया कहर

दरअसल, आकिब नबी ने विजय हजारे ट्रॉफी में तूफानी सेंचुरी जड़कर सनसनी मचा दी है। आकिब नबी ने 8 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और हैदराबाद के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में यह बड़ा कारनामा किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 268 रनों का स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद की ओर से सलामी बल्लेबाज अमन राव पेराला, गहलोत राहुल सिंह और नितीश कुमार रेड्डी ने शानदार अर्धशतक जड़े। आकिब नबी जम्मू-कश्मीर के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 56 रन देकर 3 बल्लेबाजों का शिकार किया।

90 रन पर गिर चुके थे 7 विकेट

हैदराबाद के 268 रनों का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। टॉप आर्डर और मिडिल ऑर्डर बुरी तरह नाकाम रहा। नतीजा ये हुआ कि टीम ने 90 रन के स्कोर पर 7 बल्लेबाजों के विकेट खो दिए। इसके बाद IPL ऑक्शन से सुर्खियों में आए आकिब नबी 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए महज 64 गेंदों पर शतक जड़ते हुए तहलका मचा दिया। नबी का घरेलू क्रिकेट में यह पहला शतक है। नबी शतक पूरा करने के बाद भी नहीं थमे और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया। उन्होंने 82 गेंदों पर 10 चौके और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 118 रनों की पारी खेली। उनकी यह पारी घरेलू क्रिकेट की बेहतरीन पारियों में से एक मानी जा सकती है क्योंकि किसी गेंदबाज का इस तरह से अपनी टीम को हारा हुआ मैच जिताना आसान खेल नहीं हैं।

यह भी पढ़ें:

अर्जुन तेंदुलकर ने आखिर खोला अपना खाता, पिता से होती थी जिसकी तुलना, उसे ही निपटाया

ICC का बड़ा ऐलान, खास अवॉर्ड के लिए इन 3 खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर, लिस्ट में एक भी भारतीय नहीं

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल