BAN vs PAK: मीरपुर टेस्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की हार जितनी शर्मनाक रही, उतना ही चर्चा में रहा मोहम्मद रिजवान का विकेट। विकेटकीपर बल्लेबाज रिजवान को पहले मैदान पर जमकर ट्रोल किया गया और फिर वह ऐसी गेंद पर आउट हुए, जिसे देखकर खुद भी हैरान रह गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 268 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की हालत खराब थी। टीम 121 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी, तभी रिजवान बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे। पहली पारी में 59 रन बनाने वाले रिजवान से टीम को उम्मीदें थीं, लेकिन दूसरी पारी में वह सिर्फ 15 रन ही बना सके। इससे पहले मैदान पर मजेदार ड्रामा देखने को मिला, जो 38वें ओवर में शुरू हुआ।
लिटन दास ने रिजवान की जमकर की बेइज्जती
दरअसल, बांग्लादेश के लिटन दास विकेट के पीछे से लगातार रिजवान पर तंज कसते नजर आए। स्टंप माइक में लिटन की आवाज साफ सुनाई दी, जहां वह तैजुल इस्लाम से बात करते हुए रिजवान का मजाक उड़ा रहे थे। लिटन ने कहा कि अब ये सिर्फ मैच बचाने के लिए खेलेंगे, जीतने का कोई दबाव नहीं है। और इसके देश में इसकी इज्जत पहले से ही बहुत खराब है। अगर यह अटैक करेगा और आउट हो जाएगा, तो अपने देश वापस नहीं जा पाएगा, इसकी वहां पहले से ही बहुत खराब इज्जत है।
ऐसा लगा मानो इस ट्रोलिंग का असर रिजवान पर साफ दिखा। कुछ ही ओवर बाद नाहिद राणा ने उन्हें तेज रफ्तार रफ्तार वाली शानदार गेंद पर बोल्ड कर दिया। रिजवान ने गेंद को छोड़ने का फैसला किया, लेकिन गेंद अंदर की तरफ तेजी से आई और मिडिल स्टंप उखाड़ गई। रिजवान हैरान रह गए और पाकिस्तान की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। रिजवान इस टेस्ट सीरीज में वैसे भी खराब फॉर्म के साथ आए थे। पाकिस्तान सुपर लीग में उनकी टीम लगातार आठ हार के बाद प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी।
पाकिस्तान ने गंवाया टेस्ट मैच
मैच की बात करें तो बारिश की आशंका के बीच यह टेस्ट ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, लेकिन बांग्लादेश ने पांचवें दिन आक्रामक रवैया अपनाया। टीम ने 20 ओवर में 88 रन जोड़कर 240/9 पर पारी घोषित की और पाकिस्तान को 268 रन का लक्ष्य दिया। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 87 रन की शानदार पारी खेली, जबकि पहली पारी में मेहदी हसन मिराज के पांच विकेटों ने बांग्लादेश को बढ़त दिलाई थी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान कभी भी मैच में मजबूत स्थिति में नजर नहीं आया। तस्किन अहमद ने शुरुआती झटके दिए, जबकि नाहिद राणा ने अपनी तेज गेंदबाजी से मिडिल ऑर्डर और निचले क्रम को तहस-नहस कर दिया। अब्दुल्लाह फजल ने 66 रन की संघर्षपूर्ण पारी जरूर खेली, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके। पाकिस्तान की पूरी टीम लक्ष्य से 104 रन दूर सिमट गई और बांग्लादेश ने इतिहास रचते हुए पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू जमीन पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज कर ली।
यह भी पढ़ें:
क्या यूरोप में खेलेंगे एमएस धोनी? बॉलीवुड एक्टर के बयान से क्रिकेट जगत में मची हलचल
पाकिस्तानी खिलाड़ी ने तोड़ दिया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, उम्र के इस पड़ाव पर रचा इतिहास