IND vs BAN: एशिया कप 2025 में भारत और बांग्लादेश का आमना-सामना दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में 24 सितंबर को होगा। इस मैच के लिए बांग्लादेश की प्लेइंग XI क्या होगी, यह एक बड़ा सवाल है। आपको बता दें कि बांग्लादेश अगले मैच के लिए अपनी प्लेइंग XI में एक ऐसे घातक गेंदबाज को शामिल कर सकता है जो टी-20 इंटरनेशनल में अभिषेक शर्मा और विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों को आउट कर चुका है। हम यहां बात कर रहे हैं तंजीम हसन शाकिब की।
तंजीम हसन शाकिब को प्लेइंग XI में शामिल कर सकता है बांग्लादेश
भारत के खिलाफ मैच के लिए बांग्लादेश अपने प्लेइंग XI में शोरीफुल इस्लाम की जगह तेज गेंदबाज तंजीम हसन शाकिब को टीम में शामिल कर सकता है। तंजीम हसन ने अब तक भारत के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में कुल 3 मैच खेले हैं और वहां उन्होंने 21.14 के औसत से 7 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 2024 वाले टी-20 सीरीज में अभिषेक शर्मा को दो बार आउट किया था। वहीं टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में उन्होंने विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव को पवेलियन भेजा था। तंजीम हसन अक्सर अपनी तेज गति से बल्लेबाजों को परेशान करते हैं।
श्रीलंका के खिलाफ मैच में सैफ हसन और तौहीद हृदोय ने की थी जबरदस्त बैटिंग
बांग्लादेश की प्लेइंग XI की बात करें तो वहां ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। पिछले मैच में श्रीलंका के खिलाफ बांग्लादेश के लिए सैफ हसन और तौहीद हृदोय ने शानदार बैटिंग की थी। दोनों बल्लेबाजों ने उस मैच में अर्धशतक लगाया था। ऐसे में इस मैच में भी बांग्लादेश की टीम उसी कॉम्बिनेशन के साथ खेलने के लिए उतर सकती है। हालांकि बांग्लादेश को अपने अगले मैच में भारत से कड़ी टक्कर मिलने की पूरी संभावना है।
लिटन दास को लगी है चोट
भारत के खिलाफ अहम मैच से पहले बांग्लादेश को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान लिटन दास को प्रैक्टिस सेशन के दौरान बल्लेबाजी करते हुए चोट लगी। ऐसे में वह अगले मैच में खेलेंगे या नहीं इसको लेकर अभी कुछ भी साफ तौर पर नहीं कहा जा सकता है। अगर लिटन भारत के खिलाफ अगले मैच से बाहर होते हैं तो यह उनकी टीम के लिए एक बहुत बड़ा झटका होगा।
भारत के खिलाफ मैच के लिए बांग्लादेश की संभावित प्लेइंग XI
सैफ हसन, तंजीद हसन, लिटन दास (कप्तान और विकेटकीपर), तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, जेकर अली, महेदी हसन, नसुम अहमद, तस्कीन अहमद, तंजीम हसन साकिब, मुस्तफिजुर रहमान
यह भी पढ़ें
IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने बना दिया बहुत बड़ा स्कोर, भारतीय खिलाड़ी ने चटकाए पांच विकेट
दिग्गज अंपायर हेरोल्ड डिकी बर्ड का हुआ निधन, तीन वर्ल्ड कप फाइनल में की थी अंपायरिंग