भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की ODI सीरीज का आगाज हो चुका है। पहला ODI मैच बर्मिंघम में खेला जा रहा है, जिसमें इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। आपको जानकर हैरानी होगी कि एजबेस्टन में इंग्लैंड की टीम पिछले 7 ODI मैचों से हारी नहीं है। मेजबान इंग्लैंड को 12 साल पहले भारत के खिलाफ आखिरी बार यहां हार का सामना करना पड़ा था। 2014 में खेले गए उस मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। ऐसे में टीम इंडिया के लिए यहां जीत हासिल करना आसान नहीं होगा।
डकेट और बेथेल ने किया पारी का आगाज
भारत के खिलाफ बेन डकेट और जैकब बेथेल इंग्लैंड की पारी का आगाज करने उतरे। इसके साथ ही बड़ा कमाल हो गया। दरअसल, बेन डकेट और जैकब बेथेल 12 साल बाद ODI में इंग्लैंड के लिए ओपनिंग करने वाली बाएं हाथ की पहली सलामी जोड़ी है। इससे पहले दिसंबर 2014 में कोलंबो में बाएं हाथ के एलिस्टर कुक और मोईन अली इंग्लैंड की ओर से ODI में ओपनिंग करते नजर आए थे। यही नहीं, घरेलू ODI में इंग्लैंड को 16 साल बाद बाएं हाथ की सलामी जोड़ी मिली है। घरेलू ODI में ऐसा करने वाली पिछली जोड़ी 2010 में साउथेम्प्टन में पाकिस्तान के खिलाफ एंड्रयू स्ट्रॉस और स्टीवन डेविस की थी।
ओपनिंग जोड़ी के बीच अर्धशतकीय पार्टनरशिप
31 साल के बेन डकेट इंग्लैंड के लिए 34 ODI मैचों में 1345 रन बना चुके हैं, जिसमें 3 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, जैकब बेथेल 21 मैचों में 603 रन अपने खाते में कर चुके हैं। हालांकि, भारत के खिलाफ पहले ODI में बेथेल कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बेथेल और डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 61 रनों की पार्टनरशिप हुई।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
इंग्लैंड की प्लेइंग 11: जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।
भारत की प्लेइंग 11: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
यह भी पढ़ें:
आईसीसी रैंकिंग में कैसी है भारत और इंग्लैंड की रैंकिंग, वनडे सीरीज से पहले जान लीजिए