1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बेन स्टोक्स रिटायरमेंट से पहले बना गए टेस्ट में सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड, ऋषभ पंत तोड़ने के बेहद करीब

बेन स्टोक्स रिटायरमेंट से पहले बना गए टेस्ट में सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड, ऋषभ पंत तोड़ने के बेहद करीब

 Published : Jun 30, 2026 01:29 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 01:29 pm IST

बेन स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड अपने नाम किया हुआ है। अब वे रिटायर हो गए हैं। ऐसे में एक्टिव ​बल्लेबाजों में उनके सबसे करीब भारत के ऋषभ पंत हैं, लेकिन उन्हें भी इसे तोड़ने में काफी वक्त लगेगा।

ben stokes- India TV Hindi
बेन स्टोक्स Image Source : GETTY

बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई तीन टेस्ट मैचों की सीरीज उनके लिए आखिरी साबित हुई। हालां​कि ना तो इसमें इंग्लैंड की टीम जीत दर्ज कर पाई और ना ही खुद बेन स्टोक्स कोई ऐतिहासिक पारी खेल पाए। इस बीच वे टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड जरूर बना गए हैं। खास बात ये है कि भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ही इसके सबसे ज्यादा करीब हैं, जो एक्टिव बल्लेबाज हैं। 

बेन स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट में लगाए हैं सबसे ज्यादा 138 छक्के

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के कप्तान रहे बेन स्टोक्स के नाम है। उन्होंने साल 2013 में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। तब से लेकर अब तक उन्होंने 122 टेस्ट मैच खेलक 138 सिक्स लगाए हैं, जो टेस्ट में सबसे ज्यादा हैं। बेन स्टोक्स ने 7272 रन बनाए हैं। उनके नाम टेस्ट में 14 शतक और 37 अर्धशतक दर्ज हैं। बेन स्टोक्स ने अपने करियर में 58.52 के स्ट्राइक रेट और 34.46 के औसत से रन बनाए हैं। 

ब्रेंडन मैक्कुलम और एडम गिलक्रिस्ट ने भी लगाए हैं टेस्ट में 100 सिक्स

अब तक की बात करें तो दुनिया के केवल तीन ही बल्लेबाज ऐसे हैं, जिन्होंने टेस्ट में 100 से अधिक सिक्स लगाए हैं। इसमें पहला नाम तो बेन स्टोक्स का है ही, उनके अलावा न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कुलम ने 107 और एडम गिलक्रिस्ट ने 100 सिक्स लगाए हैं। ​न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज 98 सिक्स लगाकर इस लिस्ट में आश्चर्यजनक रूप से चौथे नंबर पर हैं। क्रिस गेल ने भी 98 सिक्स टेस्ट में लगाए हैं। 

ऋषभ पंत अब तक टेस्ट में लगा चुके हैं 97 छक्के

भारत के ऋषभ पंत लिस्ट में छठे नंबर पर आते हैं। पंत ने अब तक 50 टेस्ट खेलकर 97 सिक्स लगाए हैं। पंत ने साल 2018 में अपने टेस्ट करियर कर आगाज किया था। पंत से आगे अब कोई भी एक्टिव बल्लेबाज नहीं है, जिसने इतने छक्के टेस्ट में लगाए हों। यानी उनके सिक्स की संख्या अब नहीं बढ़ेगी, लेकिन पंत के पास अब खूबसूरत मौका है कि वे जल्द से जल्द अपने 100 सिक्स पूरे करें और उसके बाद बेन स्टोक्स के विश्व कीर्तिमान की ओर अपने कदम आगे बढ़ाएं। 

पंत के लिए भी काफी मुश्किल होगा इस रिकॉर्ड को तोड़ना

हालांकि पंत के लिए ये रिकॉर्ड तोड़ना बहुत आसान नहीं होने वाला। पंत को स्टोक्स से आगे जाने के लिए कम से कम 42 सिक्स और चाहिए। टेस्ट क्रिकेट होते भी कम हैं। अगर पंत इसी रफ्तार से आगे चलते रहे तो भी कम से कम दो साल का वक्त तो उन्हें वहां तक पहुंचने में लग ही जाएंगे। लेकिन अभी तक इतना तो तय लग रहा है कि अगर स्टोक्स का ये रिकॉर्ड टूटा तो केवल पंत ही लाइन में आते हैं, बाकी और बल्लेबाज काफी पीछे चल रहे हैं। 

यह भी पढ़ें 

कौन बनेगा इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान? बेन स्टोक्स ने हैरी ब्रूक को दिया खुला समर्थन

इंग्लैंड में टेस्ट कप्तान के तौर पर कैसा रहा बेन स्टोक्स का रिकॉर्ड? कितने मैचों में मिली जीत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल