1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद पहली बार मैदान पर उतरेंगे बेन स्टोक्स, डरहम के लिए खेलेंगे घरेलू वन-डे कप

इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद पहली बार मैदान पर उतरेंगे बेन स्टोक्स, डरहम के लिए खेलेंगे घरेलू वन-डे कप

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 15, 2026 11:14 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 11:16 pm IST

इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद बेन स्टोक्स 21 जुलाई को डरहम की ओर से वन-डे कप में डर्बीशायर के खिलाफ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करेंगे।

Ben Stokes- India TV Hindi
बेन स्टोक्स Image Source : AFP

इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर  बेन स्टोक्स इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद पहली बार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। स्टोक्स 21 जुलाई को इंग्लैंड के घरेलू वन-डे कप में डरहम की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि उन्होंने इस साल होने वाले द हंड्रेड से दूरी बनाने का फैसला किया है और फिलहाल घरेलू क्रिकेट पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करने की योजना बनाई है।

स्टोक्स का यह मुकाबला डर्बीशायर के खिलाफ होगा। इस तरह वह 2023 ODI वर्ल्ड कप के बाद 50 ओवर के फॉर्मेट में पहली बार खेलते नजर आएंगे। इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद अब वह घरेलू स्तर पर नियमित क्रिकेट खेलना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में विदेशी T20 लीगों में खेलने के अवसरों के लिए भी वह उपलब्ध रहेंगे।

डरहम से कमाल करने के लिए तैयार स्टोक्स

अपने बचपन के क्लब डरहम से दोबारा जुड़ने को लेकर स्टोक्स ने कहा कि इस फैसले ने उन्हें क्रिकेट के प्रति नया उत्साह दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि इंग्लैंड के लिए दोबारा खेलने की भावना अब उनके भीतर नहीं है।उन्होंने कहा कि जब वह दूसरा टेस्ट नहीं खेल रहे थे और डरहम वापस आए, तब उन्हें क्रिकेट के लिए एक नई ऊर्जा मिली, लेकिन दुर्भाग्य से वह इंग्लैंड के लिए खेलने वाली वह भावना दोबारा हासिल नहीं कर सके। वह अपने करियर के अगले अध्याय को लेकर बेहद उत्साहित हैं। अपने बचपन के क्लब डरहम के लिए फिर से खेलना उनके लिए खास है। हालांकि, इस सप्ताह कुछ पल बेहद मुश्किल भी रहे, लेकिन इससे उन्हें यह और भी स्पष्ट हो गया कि उन्होंने सही फैसला लिया है।

गौरतलब है कि यह इस सीजन में पहली बार नहीं होगा जब स्टोक्स डरहम की जर्सी में नजर आएंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद हुए चर्चित नाइटक्लब विवाद के दौरान वह काउंटी चैंपियनशिप में नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ भी खेले थे। उस दौरान उन्हें इंग्लैंड टीम से दूर रहकर क्रिकेट से दोबारा जुड़ने का मौका मिला था।

द हंड्रेड से बनाई दूरी

स्टोक्स ने इस बार द हंड्रेड की नीलामी में अपना नाम नहीं दिया था। दरअसल, उन्होंने पहले ही वन-डे कप में डरहम के लिए खेलने की योजना बना ली थी। ऐसे में अब वह पूरे टूर्नामेंट के दौरान अपनी काउंटी टीम के साथ रहेंगे। इस साल द हंड्रेड एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। आठों फ्रेंचाइजी में निवेशकों ने हिस्सेदारी खरीदी है, जिसके बाद टीमों की ब्रांडिंग, नाम और खिलाड़ियों की कमाई से जुड़े कई बदलाव किए गए हैं। इसके बावजूद स्टोक्स ने इस हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट की बजाय घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता दी है।

यह भी पढ़ें:

कौन बनेगा इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान? बेन स्टोक्स ने हैरी ब्रूक को दिया खुला समर्थन

इंग्लैंड में टेस्ट कप्तान के तौर पर कैसा रहा बेन स्टोक्स का रिकॉर्ड? कितने मैचों में मिली जीत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल