1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. AUS vs ENG: मेलबर्न की पिच को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जताई नाराजगी, कार्तिक और पीटरसन ने भी कसा तंज

AUS vs ENG: मेलबर्न की पिच को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जताई नाराजगी, कार्तिक और पीटरसन ने भी कसा तंज

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Dec 27, 2025 05:25 pm IST,  Updated : Dec 27, 2025 05:25 pm IST

AUS vs ENG: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच का अंत सिर्फ 2 दिनों के अंदर हो जाने के बाद अब इस मुकाबले की पिच को लेकर लगातार आलोचना देखने को मिल रही है।

AUS vs ENG Boxing Day Test MCG- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, बॉक्सिंग डे टेस्ट, मेलबर्न Image Source : AP

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच का फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, जिसमें उन्हें पांचों दिन खेल होने की उम्मीद थी। 26 दिसंबर को शुरू हुआ ये मुकाबला दूसरे दिन ही खत्म हो गया जिसमें इंग्लैंड की टीम 4 विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब रही। मेलबर्न में सिर्फ 2 दिनों के अंदर इस मैच के खत्म होने के बाद अब यहां की पिच को लेकर भी कई सवाल लगातार खड़े हो रहे हैं, जिसमें पूर्व खिलाड़ियों से लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया तक ने अपनी नाराजगी को व्यक्त किया है।

ऐसे मुकाबले टेस्ट क्रिकेट के भविष्य के लिए अच्छे नहीं

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने मेलबर्न टेस्ट मैच के 2 दिनों के अंदर खत्म होने के बाद दिए अपने बयान में कहा कि ऐसे मैच टेस्ट क्रिकेट के भविष्य को देखते हुए बिल्कुल भी सही नहीं हैं। हम भविष्य में बेहतर पिच तैयार की जाएं इसको लेकर अपनी सक्रिय भूमिका निभाने पर विचार कर रहे हैं। एक फैन के तौर पर ऐसे मुकाबले देखना रोमांचक जरूर होता है लेकिन हम चाहते हैं कि टेस्ट मैच लंबे समय तक चले। पहले दिन का खेल देखने के बाद मुझे बिल्कुल भी कल रात नींद नहीं आई थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कभी भी विकेट तैयार करने में हस्तक्षेप नहीं किया है, लेकिन जब आप व्यावसायिक पक्ष को देखते हैं तो ऐसे में आपके लिए पिच की तैयारी को लेकर आप नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं।

भारत में जब ऐसा होता है तो काफी कड़ी आलोचना की जाती है

मेलबर्न में सिर्फ 2 दिनों के अंदर मुकाबला खत्म होने के बाद इंग्लैंड टीम के पूर्व खिलाड़ी केविन पीटरसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारत में जब कोई टेस्ट मैच के पहले दिन कई विकेट गिरते हैं तो उसमें पिच को लेकर काफी कड़ी आलोचना देखने को मिलती है। ऐसे में मैं उम्मीद करता हूं कि ऑस्ट्रेलिया को भी उसी तरह की आलोचना का सामना करना पड़ेगा क्योंकि न्याय सभी के लिए बराबर होना चाहिए। वहीं दिनेश कार्तिक ने भी पिच को लेकर दिए अपने बयान में कहा कि एमसीजी की पिच काफी साधारण नजर आ रही है। मुझे यकीन नहीं होता कि चार एशेज टेस्ट में से 2 मुकाबले सिर्फ दो दिनों के अंदर ही खत्म हो गए। इसके अलावा सभी चार मुकाबलों को देखा जाए तो वह कुल 13 दिनों के अंदर ही खत्म हो गए।

ये भी पढ़ें

क्रिकेट जगत में पसरा मातम, मैच शुरू होने से चंद मिनट पहले हुआ कोच का निधन

मेलबर्न टेस्ट जीतने के बाद बढ़ी इंग्लैंड की टेंशन, आखिरी मैच से पहले एक और खिलाड़ी हुआ चोटिल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल